
शिवहर व्यवहार न्यायालय में आज तरियानी छपरा पंचायत के मुखिया पति एवं जन सुराज नेता नितेश सिंह उर्फ महाराज को मुजफ्फरपुर जेल से कड़ी सुरक्षा के बीच लाकर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी की अदालत में पेश किया गया।
कोर्ट से बाहर निकलते समय मीडिया से बातचीत में नितेश सिंह महाराज ने कहा कि उनके खिलाफ दर्ज किया गया मुकदमा पूरी तरह झूठा और राजनीतिक साजिश का हिस्सा है। उन्होंने आरोप लगाया कि उन्हें जानबूझकर फंसाया जा रहा है।
महाराज ने बताया कि हाल ही में हुए विधानसभा चुनाव में उनकी पत्नी जन सुराज पार्टी से बेलसंड विधानसभा क्षेत्र से विधायक पद की उम्मीदवार थीं। इसके अलावा मुखिया चुनाव में भी उनकी पत्नी प्रत्याशी रहीं। उन्होंने कहा कि मुखिया चुनाव में उनके प्रतिद्वंदी बैकुंठ सिंह, जो उनके ही गांव के निवासी हैं, द्वारा राजनीतिक द्वेषवश उन पर झूठा मामला दर्ज कराया गया है।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जिस समय की घटना का उल्लेख प्राथमिकी में किया गया है, उस समय वे बख्तियारपुर में अपने एक रिश्तेदार के श्राद्ध कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। उन्होंने दावा किया कि पटना के दीदारगंज टोल प्लाजा पर उनके गुजरने का समय और तस्वीर दर्ज है, जो उनके पक्ष में महत्वपूर्ण साक्ष्य है।
नितेश सिंह महाराज ने बताया कि मुकदमा दर्ज होने के बाद उनकी पत्नी ने पुलिस अधीक्षक एवं एसडीपीओ शिवहर को साक्ष्यों के साथ आवेदन देकर निष्पक्ष जांच और न्याय की मांग की थी। अंत में उन्होंने न्यायालय एवं कानून व्यवस्था पर पूर्ण विश्वास जताते हुए कहा कि उन्हें न्यायपालिका पर भरोसा है और उन्हें अवश्य न्याय मिलेगा।
