
*रामानुजन जयंती पर आयोजित ओलंपियाड के प्रतिभाशाली विजेताओं को किया गया पुरस्कृत*
मॉडर्न इंग्लिश स्कूल, नवादा के गणित विभाग द्वारा प्रतिवर्ष की भाँति इस वर्ष भी गणित ओलंपियाड का सफल आयोजन 22 दिसंबर 2025 को महान गणितज्ञ श्रीनिवास रामानुजन की जयंती के अवसर पर किया गया था। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में नवादा एवं आस-पास के क्षेत्रों के दर्जनों सीबीएसई विद्यालयों के सैकड़ों विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। ओलंपियाड का आयोजन कक्षा छठी से दसवीं तक कक्षावार किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने अपनी असाधारण गणितीय प्रतिभा का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। सभी विजेताओं को विद्यालय के गणित विभाग की ओर से मोमेंटो और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया।

आज दिनांक 20 फरवरी 2026 को ओलंपियाड के विजेताओं को मॉडर्न इंग्लिश स्कूल, न्यू एरिया की प्रार्थना सभा में आयोजित एक गरिमामय समारोह में सम्मानित किया गया। पुरस्कार वितरण समारोह के मुख्य अतिथि मॉडर्न शैक्षणिक समूह के निदेशक प्रख्यात शिक्षाविद एवं समाजसेवी डॉ. अनुज कुमार रहे। अपने प्रेरक संबोधन में उन्होंने कहा कि “गणित केवल अंकों का खेल नहीं, बल्कि तार्किक सोच, धैर्य और समस्या-समाधान की जीवनोपयोगी कला है। इस प्रकार की प्रतियोगिताएँ विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, प्रतिस्पर्धात्मक चेतना और नवाचार की प्रवृत्ति को विकसित करती हैं।” उन्होंने विजेता विद्यार्थियों की मेधा की मुक्तकंठ से सराहना करते हुए आयोजन समिति को भी इस सराहनीय आयोजन के लिए बधाई दी।

ओलंपियाड का आयोजन विद्यालय के गणित विभागाध्यक्ष सुजय कुमार की अध्यक्षता में किया गया, जिसमें गणित शिक्षक सुनील कुमार वर्मा, इंद्रजीत मिश्रा, धीरज कुमार, करन प्रकाश सहित अन्य शिक्षकों का सक्रिय एवं प्रशंसनीय योगदान रहा।
कक्षावार विजेताओं के नाम इस प्रकार हैं—
कक्षा 10 : प्रथम—हर्षवर्धन, द्वितीय—किसलय कुमार, तृतीय—आदर्श रंजन
कक्षा 9 : प्रथम—अश्विन कुमार सोनी, द्वितीय—आराध्या कुमारी, तृतीय—अर्णव वरण
कक्षा 8 : प्रथम—अमन राज, द्वितीय—हिमांशु कुमार, तृतीय—आरव कुमार
कक्षा 7 : प्रथम—आयुष्मान सवर्ण, द्वितीय—युवराज कुमार, तृतीय—सुमन राज
कक्षा 6 : प्रथम—रितिक आनंद, द्वितीय—पीयूष राज, तृतीय—अंकुर कुमार
समारोह के अंत में विद्यालय प्रशासन ने सभी विजेताओं, प्रतिभागियों, अभिभावकों एवं आयोजन से जुड़े शिक्षकों को शुभकामनाएँ देते हुए भविष्य में इस प्रकार के शैक्षणिक आयोजनों को और अधिक व्यापक स्वरूप देने का संकल्प व्यक्त किया।
