
शिवहर, प्रतिनिधि ।
आज अहले सुबह पुलिस अधीक्षक शुभांक मिश्रा पुलिस लाइन केंद्र, शिवहर पहुंचे। उन्होंने वहाँ चल रहे सिपाहियों के प्रशिक्षण कार्य का निरीक्षण किया।
एसपी ने परेड में स्वयं शामिल होकर प्रशिक्षण की गुणवत्ता का जायजा लिया। इसके साथ ही प्रशिक्षण ले रहे सिपाहियों के रहन-सहन, भोजन एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की बारीकी से जांच की गई। उन्होंने साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया और यह भी जानकारी ली कि रूटिंग के अनुसार सिपाहियों को समय पर एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन मिल रहा है या नहीं।
निरीक्षण के दौरान एसपी ने सभी सिपाहियों को अनुशासन में रहकर प्रशिक्षण लेने का निर्देश दिया। उन्होंने सिपाहियों की समस्याएं भी सुनीं और उनके समाधान को लेकर संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
एसपी शुभांक मिश्रा ने बताया कि बेहतर प्रशिक्षण, अनुशासन और सुविधाओं के माध्यम से ही एक मजबूत एवं संवेदनशील पुलिस बल का निर्माण संभव है।
