चंपारण की खबर::प्रशिक्षु डीएसपी सह थानाध्यक्ष को एसपी ने दिया प्रशस्ति पत्र

Breaking news News बिहार



मोतिहारी, राजन द्विवेदी।

एसपी स्वर्ण प्रभात ने उत्कृष्ट कार्य के लिए हरसिद्धि थाना के प्रशिक्षु डीएसपी सह थानाध्यक्ष रिषभ कुमार को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया है। यह सम्मान जनवरी माह में हरसिद्धि थाना में दर्ज कुल 110 मामलों के सफल निष्पादन के लिए मिला है।जानकारी के अनुसार हरसिद्धि थाना में लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन, अनुसंधान में तेजी और विधि-व्यवस्था के प्रभावी संचालन को लेकर विशेष अभियान चलाया गया था। इस दौरान पुराने मामलों की समीक्षा कर उन्हें प्राथमिकता के आधार पर निपटाया गया। साथ ही फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी और कांडों के अनुसंधान में भी तेजी लाई गई। एसपी ने कहा कि जिले में लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन को लेकर सभी थानाध्यक्षों को निर्देशित किया था। हरसिद्धि थाना द्वारा जनवरी माह में 110 मामलों का निष्पादन सराहनीय उपलब्धि है, जो अन्य थानों के लिए भी प्रेरणादायक है। सम्मान मिलने पर प्रशिक्षु डीएसपी सह थानाध्यक्ष रिषभ कुमार ने कहा कि यह उपलब्धि पूरी टीम के सामूहिक प्रयास का परिणाम है। उन्होंने थाना के पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों को इसका श्रेय देते हुए कहा कि आगे भी आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार प्रयास जारी रहेगा। इस सम्मान से पुलिस महकमे में उत्साह का माहौल है और इसे बेहतर पुलिसिंग की दिशा में एक सकारात्मक पहल माना जा रहा है।