
– ग्राम सभा में महिलाओं की रही अहम भागीदारी
मोतिहारी, राजन द्विवेदी।
राज्य सरकार के निर्देश पर रविवार को पूर्वी चंपारण जिले की सभी 394 पंचायतों में ‘पंचायत विकास दिवस’ मनाया गया। सभी पंचायतों में ग्राम सभा की बैठकें आयोजित की गईं।
चकिया प्रखंड की रामगढ़ महुआवा पंचायत सरकार भवन में आयोजित ग्राम सभा में जिले के प्रभारी सचिव शीर्षत कपिल अशोक, जिलाधिकारी सौरभ सुमन यादव, डीपीआरओ राम जनम पासवान और चकिया एसडीओ शिवानी शुभम मौजूद रहे। बैठक की अध्यक्षता मुखिया कबीर खातून ने की।
प्रभारी सचिव ने कहा कि राज्य सरकार पंचायतों के सशक्तिकरण के लिए लगातार काम कर रही है। प्राप्त संसाधनों का बेहतर उपयोग कर पंचायत का सर्वांगीण विकास करें, ताकि हर व्यक्ति को लाभ मिले। उन्होंने बताया कि अब हर माह के अंतिम रविवार को ‘पंचायत विकास दिवस’ मनाया जाएगा। इसमें योजनाओं के चयन पर निर्णय होगा।

सतत विकास के लिए 17 योजनाएं तय की गई हैं। पहला थीम ‘महिला हितैषी ग्राम पंचायत’ रखा गया है। प्रभारी सचिव ने ग्राम सभा में महिलाओं की बड़ी भागीदारी पर खुशी जताई। उन्होंने कहा, “पंचायत के विकास की जिम्मेदारी आपकी है। योजनाओं का चयन आपको करना है, हम सिर्फ सुझाव दे सकते हैं।
– डीएम बोले- पंचायत समृद्ध होगी तो राज्य समृद्ध होगा
डीएम सौरभ सुमन यादव ने कहा कि अब विकास की राशि सीधे पंचायत के खाते में आती है। पंचायत समृद्ध बनेंगे तो राज्य और राष्ट्र भी समृद्ध होगा। जिला प्रशासन हर कदम पर सहयोग के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि पंचायत विकास दिवस से योजनाओं में पारदर्शिता आएगी।
– 45 लाख में हुए 15 काम पूरे, पुस्तकालय-छठ घाट बने
पंचायत सचिव ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में विकास मद में 45 लाख रुपये मिले। इसमें से 22 लाख खर्च कर 15 योजनाएं पूरी की गई हैं। बाकी 23 लाख से चल रही योजनाएं पूरी होंगी।
पंचायत सरकार भवन में पुस्तकालय की स्थापना, छठ घाट निर्माण, सड़क, पीसीसी कार्य, स्कूल की चारदीवारी और सोलर लाइट के काम कराए गए हैं। बैठक में उप मुखिया, सरपंच और सभी 14 वार्ड सदस्य भी मौजूद रहे।
– प्रभात फेरी से ‘मन की बात’ तक कार्यक्रम
सुबह कई पंचायतों में जीविका दीदियों ने प्रभात फेरी निकाली। नशामुक्ति और शराबबंदी का संदेश दिया। तख्तियों और नारों से लोगों को जागरूक किया गया।
इसके बाद सभी पंचायतों में प्रधानमंत्री के ‘मन की बात’ कार्यक्रम का सामूहिक प्रसारण हुआ। इसमें केंद्र और राज्य की योजनाओं की जानकारी दी गई। पंचायत प्रतिनिधियों, अधिकारियों, जीविका दीदियों और ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
जीविका दीदियों ने महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने और नशामुक्त समाज बनाने का संकल्प दोहराया।
