चंपारण की खबर::भारत नेपाल की नागरिकों की सुविधा की चिंता करें दोनों सरकारें : माधव नेपाल

Breaking news News बिहार



–कहा, भारत नेपाल मैत्री समिति गठन से दोनों देश के पंचायती राज के जनप्रतिनिधि की होगी भागीदारी


मोतिहारी/ राजन द्विवेदी।

जिले के भारत-नेपाल सीमा पर स्थित बैरगनिया में नेपाल के पूर्व प्रधानमंत्री माधव नेपाल ने कहा कि भारत नेपाल के नागरिकों के सुविधा का ख्याल दोनों देश के सरकारों को करनी चाहिए। बॉर्डर को बैरियर नहीं बने इसलिए आम आदमी के साथ भी दोनों देश के सरकार के जो प्रतिनिधि हैं, अधिकारी हैं उनको संवाद करते रहने की जरूरत है। रौतहट के गौर में मीडिया फार बॉर्डर हार्मोनी की ओर से आयोजित भारत नेपाल में मैत्री संवाद को संबोधित करते‌ हुए पूर्व प्रधानमंत्री नेपाल ने नेपाल के निजगढ में हवाई अड्डा बनाने की मांग की इससे दोनों देशों के बीच पर्यटक उद्योग को बढ़ावा मिलेगा। यहां से गया, अयोध्या, वाराणसी आदि हिंदूओं के तीर्थ स्थल पर जाना आसान होगा।
पूर्व प्रधानमंत्री ने कहा कि नेपाल भारत के बीच सदियों पुराने बेटी- रोटी का संबंध है। यह पूरी दुनिया जानती है। यह बॉर्डर दुनिया के सामने एक मिसाल है, जो दो देश के बीच रिश्ते की ऐसी दीवार है कि कहीं से किसी भी तरह के अपराधी, आतंकवादी या गैर कानूनी काम करने वाले लोगों को जगह नहीं मिलती।
इस पार या उस पार कहीं भी वह सक्रिय होते हैं, तो जनता की नजर पड़ती है और उनकी जगह ‌जेल‌ यानी सलाखों के भीतर होते हैं। उन्होंने कहा कि नेपाल दो धर्म हिंदू एवं बौद्ध का उदगम स्थल है। भारत नेपाल मैत्री संवाद को एक बेहतर पहल बताते हुए इसमें उठाए गए सभी मांगों को अपने स्तर से भी नेपाल सरकार के प्रधानमंत्री से अवगत कराने का भरोसा दिया।‌ सीतामढ़ी जिले के रीगा विधायक मोतीलाल प्रसाद ने कहा कि इस संवाद में जो नेपाल से निकलने वाले नदियों में बांध और नदियों में स्लुइस गेट खोलने की मांग आई है। इसको लेकर वह बिहार सरकार के जल संसाधन मंत्री से मिलेंगे।
उन्होंने कहा कि दोनों देश के प्रशासनिक अधिकारी समय-समय पर बैठते रहते हैं ।‌ लेकिन उनके साथ दोनों देश के जनप्रतिनिधि उस बैठक में शामिल नहीं होते। उनकी पहल होगी कि आने वाले दिनों में साल में कम से कम दो बार दोनों देश के प्रशासनिक अधिकारियों के साथ दोनों देश के जनप्रतिनिधि भी बैठे। मीडिया फार बॉर्डर हार्मोनी की ओर से गठित भारत- नेपाल मैत्री समिति की सराहना की और कहा कि आने वाले दिनों में यह समिति सरकार के लिए और समाज के लिए एक मॉडल बनेगा। अभी बॉर्डर पर कोई नागरिक समिति नहीं होने के कारण छोटी-छोटी विवाद भी बड़ा विवाद बन जाता है । दोनों देश के नागरिक परेशान होते हैं। ‌ विधि व्यवस्था की समस्या उत्पन्न होने से प्रशासन भी परेशान रहता है। विधायक ने कहा कि आने वाले दिनों में बैरगनिया में एक भारत नेपाल मैत्री संवाद का आयोजन होगा । जिसमें सीमावर्ती क्षेत्र सीतामढ़ी, शिवहर के सांसद सभी विधायक शामिल होंगे। इस कार्यक्रम में कोशिश होगी कि भारत सरकार के केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय खुद शामिल हो यह आयोजन बैरगनिया में होगा।
इस अवसर पर मीडिया फार बॉर्डर हार्मोनी के संयोजन में भारत नेपाल मैत्री समिति का गठन किया गया।
मैत्री समिति में दोनों देश के सीमाई क्षेत्र के पंचायतीराज की जनप्रतिनिधि इसके सदस्य होंगे। संरक्षक मंडल में दोनों देश के विधायक व‌ सांसद रहेंगे। समिति के भारत की ओर से संयोजक नगर पंचायत बैरगनिया के पूर्व अध्यक्ष मो बसीर अंसारी और नेपाल की ओर से गौर नगरपालिका के मेयर शंभू शाह गई को बनाया गया। सह संयोजक बौधीमाई नगरपालिका के मेयर प्रमोद यादव चुने गए। भारत के संरक्षक विधायक मोतीलाल प्रसाद और रौतहट के विधायक नागेंद्र साह को मनोनीत किया गया। ‌ एक सप्ताह के अंदर दोनों देशों की समिति बनेगी और साझा बैठक होगा । इस समिति का उद्देश्य भारत नेपाल सीमा क्षेत्र में छोटी-छोटी समस्याओं के निदान की पहल करना, समय-समय पर साझा बैठक करना और प्रशासन के साथ नियमित संवाद करना होगा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता मीडिया फांर बार्डर हार्मोनी नेपाल मधेश प्रदेश के अध्यक्ष किशोरी यादव तथा संचालन पत्रकार चिरंजीवी सिंह ने की। मीडिया फार बॉर्डर हार्मोनी नेपाल के अध्यक्ष वरीय पत्रकार अनिल तिवारी ने अतिथियों का अंग वस्त्र से स्वागत किया। कार्यक्रम में मधेश प्रदेश के विधायक नागेंद्र शाह, पूर्व मंत्री योगेंद्र यादव, राष्ट्रीय एकता अभियान नेपाल के गई अध्यक्ष विनय यादव, भिखारी यादव, कमल यादव, नेकपा एस के नेता रेवंत झा, लोसपा नेता अनिल कुमार सिंह, लाल बिहारी शाह, प्रमोद कुशवाहा, भाजपा नेता रामाशीष राय, भाजपा नगर मंडल के अध्यक्ष प्रदीप कुमार, नगर परिषद सभापति प्रतिनिधि ब्रजमोहन कुमार, जदयू के प्रदेश प्रवक्ता हिमराज राम, जदयू के प्रो राजकुमार सिंह, मुखिया प्रतिनिधि लक्ष्मी सिंह, रेजा खान, पत्रकार रविंद्र साह, प्रेमचंद झा, प्रभात झा, शैलेंद्र गुप्ता, मेवा लाल यादव, विश्वनाथ चौधरी, राहुल कुमार, एमएफबीएच मुजफ्फरपुर के जिला अध्यक्ष रंजन कुमार उपाध्यक्ष पंकज राकेश, कार्यालय प्रभारी अपन पाठशाला के संचालक सुमित कुमार, छात्र हम के प्रदेश अध्यक्ष संकेत मिश्रा सहित दोनों देश के कई जनप्रतिनिधि एवं वरिष्ठ पत्रकार उपस्थित थे।