चंपारण की खबर:भाजपा का सदस्यता अभियान सर्वस्पर्शी और सर्वसमावेशी होगा : राधामोहन सिंह

Breaking news News बिहार



-भाजपा ने पांच लाख सदस्य बनाने का तय किया लक्ष्य

मोतिहारी/ राजन द्विवेदी।
भाजपा जिला कार्यालय गांधी कॉम्प्लेक्स में जिलाध्यक्ष प्रकाश अस्थाना की अध्यक्षता में राष्ट्रव्यापी सदस्यता अभियान को लेकर एक कार्यशाला का आयोजन किया गया। जिसका संचालन जिला महामंत्री मार्तण्ड नारायण सिंह ने किया।
कार्यशाला में सांसद सह पूर्व केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री राधा मोहन सिंह ने कहा कि भाजपा का सदस्यता अभियान सर्वस्पर्शी और सर्वसमावेशी होगा। इसका मूल उद्देश्य भाजपा की राष्ट्र प्रथम की विचाराधारा का जनता के बीच विस्तार करना है।


उन्होंने कहा कि स्थापना के समय से ही भाजपा का उद्देश्य कभी राजनीतिक सुख हासिल करना नहीं रहा, बल्कि भारत माता को परम वैभव के शिखर तक पहुंचाने के लिए संघर्ष करना रहा। देश भर में 1500 राजनीतिक पार्टियाँ हैं। लेकिन भाजपा अपने राष्ट्र प्रथम की विचारधारा के साथ सबसे अलग है। भारत माता की वैभव गाथा से जुड़ने की इच्छा रखने वाला हर जाति, हर वर्ग और हर धर्म के लोग भाजपा के सदस्य बन सकते हैं।
कार्यशाला में भाजपा सदस्यता अभियान के प्रभारी पंचायती राज प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक ओमप्रकाश भुवन ने कार्यशाला में पीपीटी के माध्यम से उपस्थित दायित्वधारियों को बताया कि इस बार मिस्ड कॉल, क्यूआर कोड और नमो एप को सदस्यता अभियान में शामिल किया गया है। यानी कोई भी व्यक्ति क्यूआर कोड को स्कैन कर या फिर नमो एप पर जाकर भाजपा का सदस्य बन सकता है। इसी तरह से भाजपा की आधिकारिक वेबसाइट बीजेपीडाटओआरजी के माध्यम से सदस्य बना जा सकता है। इन नई तकनीकों से वंचित व्यक्ति के लिए फिजिकल फॉर्म भरकर सदस्य बनने का पुराना तरीका भी जारी रहेगा।
जिलाध्यक्ष प्रकाश अस्थाना ने कहा कि हमारा लक्ष्य मोतिहारी संगठन जिला से पांच लाख सदस्य बनाने का है। हमारे प्रेरणास्त्रोत दीनदयाल जी ने संगठन के लिये सूत्र दिया था कि जो हमसे दूर है उन्हें नया सदस्य बनाना और जो सदस्य है उन्हें सक्रिय सदस्य बनाना ही संगठन का उद्देश्य होना चाहिए। श्री अस्थाना ने कहा कि एक सितंबर से 25 सितंबर तक सदस्यता अभियान का पहला चरण और एक अक्टूबर से 15 अक्टूबर तक दूसरा चरण चलेगा। इसके बाद 16 अक्टूबर से 31 अक्टूबर तक सक्रिय सदस्यता का अभियान चलेगा।
कार्यशाला में मोतिहारी विधायक प्रमोद कुमार, पिपरा विधायक श्यामबाबू यादव, गोविंदगंज विधायक सुनील मणि तिवारी, पूर्व विधायक सचिन्द्र प्रसाद सिंह, उप महापौर डॉ० लालबाबू प्रसाद, जिला प्रभारी वरूण सिंह, मुख्य पार्षद नगर पंचायत केसरिया रिंकू पाठक, महामंत्री विवेकानंद पाण्डेय एवं योगेन्द्र प्रसाद, प्रवक्ता संजीव सिंह एवं सुधांशु रंजन, मीडिया प्रभारी गुलरेज शहजाद, जिला संयोजक सोशल मीडिया पंकज सिन्हा, जिला मंत्री विनोद कुशवाहा, जिला संयोजक आईटी ऋषभ झा, जिलाध्यक्ष महिला मोर्चा मीना मिश्रा, जिलाध्यक्ष अल्पसंख्यक मोर्चा अब्दुल कलाम सहित सभी मंडलों और सभी मंच, मोर्चों और प्रकोष्ठों के दायित्वधारी उपस्थित थे।