चंपारण की खबर::सुबह 9:00 बजे गांधी मैदान में जिला प्रभारी मंत्री करेंगे झंडोत्तोलन

Breaking news News बिहार



पूर्वाभ्यास का डीएम और एसपी ने किया अवलोकन, दिए निर्देश




मोतिहारी/ राजन द्विवेदी।
     15 अगस्त 2024, स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मोतिहारी स्थित ऐतिहासिक गांधी मैदान में जिला प्रभारी मंत्री सह बिहार सरकार के शिक्षा मंत्री सुनील कुमार सुबह के 9:00 बजे झंडोत्तोलन करेंगे। इसकी सभी तैयारी पूरी कर ली गई है। पूर्वी चंपारण समाहरणालय परिसर में जिलाधिकारी के द्वारा 9:45 पूर्वाहन में राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा। सदर अनुमंडल कार्यालय में 9:55 बजे पूर्वाह्न, जिला परिषद कार्यालय में 10:05 बजे पूर्वाह्न, गांधी संग्रहालय में 10:15 बजे तथा पुलिस केंद्र मोतिहारी में 10:35 बजे पूर्वाह्न में झंडोत्तोलन किया जाएगा। पूर्व के वर्षों की तरह इस बार भी महादलित टोले में टोला के बुजुर्ग व्यक्ति के द्वारा प्रशासनिक पदाधिकारी की उपस्थिति में झंडोत्तोलन कराया जाएगा। इसकी तैयारी पूरी कर ली गई है और इसके लिए पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति कर दी गई है। मोतिहारी नगर  क्षेत्र स्थित महापुरुषों के प्रतिमा पर भी पदाधिकारियों के द्वारा झंडोत्तोलन किया जाएगा। इसके लिए भी पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति कर दी गई है। स्वतंत्रता दिवस समारोह 2024 के अवसर पर सुरक्षा व्यवस्था एवं विधि व्यवस्था  संधारण के लिए गांधी मैदान के आसपास, गांधी बाल उद्यान, कचहरी चौक, सदर अस्पताल, नगर थाना चौक, गांधी संग्रहालय सहित कुल 23  चिन्हित स्थलों पर दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिस बल्कि प्रतिनियुक्ति की गई है। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मोतिहारी स्थित महात्मा गांधी प्रेक्षागृह में संध्या 5:00 बजे से स्कूली बच्चों की मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुति कराई जाएगी। सांस्कृतिक प्रस्तुति की  सभी तैयारी पूरी कर ली गई है। वहीं आज जिलाधिकारी सौरभ जोरवाल एवं पुलिस अधीक्षक कांतेश कुमार मिश्रा ने गांधी मैदान में झंडोत्तोलन का फुल ड्रेस परेड पूर्वाभ्यास का अवलोकन किया एवं उपस्थित पदाधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए। मौके पर अपर समाहर्ता मुकेश कुमार सिंहा ,अपर समाहर्ता लोक शिकायत निवारण शैलेंद्र भारती, अपर समाहर्ता आपदा  राजेश्वरी पांडे, अनुमंडल पदाधिकारी श्रेष्ठ अनुपम, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी शिखर चौधरी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, प्रभारी पदाधिकारी सामान्य शाखा, प्रभारी पदाधिकारी जिला नजारत शाखा, कार्यपालक अभियंता भवन प्रमंडल मोतिहारी उपस्थित थे।