
मोतिहारी, राजन द्विवेदी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 12 वर्षों की उपलब्धियों पर भाजपा कार्यालय गांधी कॉम्प्लेक्स में 13 जून को मीडिया संवाद हुआ। संवाद को संबोधित करते हुए सांसद एवं पूर्व केंद्रीय कृषि मंत्री राधा मोहन सिंह ने कहा कि इन 12 वर्षों ने देश की तस्वीर ही नहीं, तकदीर भी बदल दी है।
सांसद ने कहा कि जनता के विश्वास और सरकार के सेवा भाव के कारण 2014, 2019 और 2024 में लगातार जीत मिली। आज NDA 22 राज्यों में सेवा कर रहा है। शपथ के तुरंत बाद पीएम मोदी ने पीएम किसान सम्मान निधि की फाइल पर हस्ताक्षर कर यह साफ किया कि सरकार के लिए गरीब, किसान, युवा और महिलाएं प्राथमिकता हैं।
सांसद ने कहा कि जन-धन योजना से 58 करोड़ से ज्यादा बैंक खाते खुले, जिनमें 32 करोड़ महिलाओं के हैं। कोरोना काल से अब तक 81 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन मिल रहा है। आयुष्मान भारत से 60 करोड़ हेल्थ कार्ड बने और पीएम आवास से 4 करोड़ पक्के मकान मिले। उज्ज्वला से 11 करोड़ महिलाओं को गैस कनेक्शन मिला। जल जीवन मिशन से 16 करोड़ घरों में नल का पानी और स्वच्छ भारत से 12 करोड़ शौचालय बने।
– किसान और मध्यम वर्ग को राहत
पीएम किसान निधि से 11 करोड़ किसानों को 4.3 लाख करोड़ रुपये सीधे मिले। किसान क्रेडिट कार्ड की सीमा 3 लाख से बढ़ाकर 5 लाख की गई। मध्यम वर्ग को राहत देते हुए टैक्स छूट की सीमा 2 लाख से बढ़ाकर 12.75 लाख रुपये की गई। लखपति दीदी और सुकन्या समृद्धि योजना से करोड़ों महिलाओं-बेटियों को फायदा मिला।
बताया कि पिछले 12 साल में 4 लाख किमी ग्रामीण सड़कें बनीं। राष्ट्रीय राजमार्ग 91 हजार किमी से बढ़कर 1.46 लाख किमी हो गया। रेलवे का 99.6% विद्युतीकरण पूरा हुआ और 164 वंदे भारत ट्रेनें चल रही हैं। मेट्रो 5 शहरों से बढ़कर 26 शहरों में पहुंची। हवाई अड्डे 74 से बढ़कर 164 हुए।
सांसद ने कहा कि सर्जिकल-एयर स्ट्राइक ने दिखाया कि नया भारत जवाब देता है। नक्सलवाद खत्म हो रहा है और ‘रेड कॉरिडोर’ अब ‘ग्रीन ग्रोथ जोन’ बन रहा है। भारतनेट से 2.14 लाख पंचायतें ब्रॉडबैंड से जुड़ीं।
कार्यक्रम में विधायक प्रमोद कुमार, भाजपा जिलाध्यक्ष पवन राज, उप महापौर डॉ. लालबाबू प्रसाद, मीडिया प्रभारी गुलरेज शहजाद और आईटी सेल संयोजक ऋषभ झा मौजूद रहे।
