
मोतिहारी, राजन द्विवेदी।
नगर निगम मोतिहारी की बोर्ड बैठक में वर्षा ऋतु को देखते हुए नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक की अध्यक्षता महापौर प्रीति कुमारी ने की।
बैठक में निर्णय लिया गया कि जल-जमाव वाले क्षेत्रों की वार्डवार सूची बनाकर नालों और नालियों की रोस्टर के अनुसार सफाई कराई जाएगी। प्रत्येक वार्ड में प्रतिदिन न्यूनतम चार सफाई कर्मी लगाए जाएंगे। कार्य में लापरवाही पर संबंधित स्वच्छता निरीक्षक, वार्ड जमादार और एजेंसी पर कार्रवाई की जाएगी।
स्ट्रीट लाइट अनुरक्षण एजेंसी के खराब प्रदर्शन पर असंतोष जताते हुए उसका अनुबंध निरस्त करने पर विचार किया गया। वैधानिक प्रक्रिया पूरी कर नगर निगम स्वयं मरम्मत का कार्य कराएगा।
इसके साथ ही बुडको की योजना से छूटे चैलाहा चौक, कमेटी चौक, बैरिया देवी मंदिर चौक, रघुनाथपुर चौक, सलाम नगर मोड़, मठिया जिरात मोड़, दुर्गा चौक, मोतिहारी प्रखंड कार्यालय, बालगंगा चौक और बसवरिया चौक सहित अन्य जगहों पर नगर निगम निधि से हाई मास्ट लाइट लगाने का निर्णय हुआ। अधिकारियों को समयबद्ध क्रियान्वयन का निर्देश दिया गया।
