
मोतिहारी, राजन द्विवेदी।
पूर्वी चंपारण के बंजरिया थाना क्षेत्र से पुलिस ने स्नाइपर जैसे हथियार रखने और उसे लहराकर दहशत फैलाने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपित पर रंगदारी करने का भी आरोप है।
गिरफ्तार युवक की पहचान उज्जवल कुमार, पिता स्व. प्रमोद कुमार सिंह, निवासी चेल्ला बाबू टोला, वार्ड संख्या-1, थाना बंजरिया के रूप में हुई है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपित स्नाइपर जैसे हथियार अपने पास रखता है और उसे सार्वजनिक स्थानों पर लहराकर आम लोगों में भय का माहौल बनाता है। साथ ही रंगदारी मांगने की भी शिकायतें प्राप्त हुई थीं। सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उज्जवल कुमार को हिरासत में लेकर विधिवत गिरफ्तार कर लिया।
थानाध्यक्ष ने बताया कि आरोपित के विरुद्ध आर्म्स एक्ट और अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। हथियार को जब्त कर फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा जाएगा। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है कि उक्त हथियार कहां से आया और इसके पीछे कोई गिरोह तो नहीं है।
पुलिस ने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि यदि किसी को भी इस प्रकार की संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचित करें।
