
SHEOHAR
*लघु सिंचाई विभाग पर सबसे ज्यादा 6.68 करोड़ का कर्ज, स्वास्थ्य विभाग पर भी 61 लाख बकाया*
सूचना का अधिकार यानी RTI से एक चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। शिवहर जिले के विभिन्न सरकारी विभागों एवं कार्यालयों पर 7 करोड़ 74 लाख 83 हजार 857 रुपये का बिजली बिल बकाया है। यह जानकारी शिवहर नगर परिषद क्षेत्र के मिश्रा टोला निवासी आरटीआई कार्यकर्ता मुकुन्द प्रकाश मिश्र को विद्युत आपूर्ति अवर प्रमंडल, शिवहर से मिली है।
RTI से मिली विभागवार सूची के अनुसार बकाये की स्थिति इस प्रकार है:
विभाग, बकाया राशि
लघु सिंचाई विभाग 6.68 करोड़ रुपये
स्वास्थ्य विभाग 61.83 लाख रुपये
शहरी विकास विभाग 38.34 लाख रुपये
सामान्य प्रशासन विभाग 25.38 लाख रुपये
पीएचईडी 23.58 लाख रुपये
ग्रामीण विकास विभाग 11.33 लाख रुपये
आरटीआई कार्यकर्ता मुकुन्द प्रकाश मिश्र ने बताया कि उन्होंने जिले के सरकारी कार्यालयों के बिजली बकाये की जानकारी मांगी थी। खुलासे के बाद लोगों में चर्चा है कि जब आम उपभोक्ताओं से समय पर बिल भुगतान की अपेक्षा की जाती है और बकाया पर कनेक्शन काट दिया जाता है, तो सरकारी विभागों पर करोड़ों का बकाया क्यों लंबित है।
इस खुलासे के बाद प्रशासनिक हलकों में भी चर्चाएं तेज हो गई हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि अगर सरकारी विभाग समय पर भुगतान करें तो विद्युत वितरण कंपनी की वित्तीय स्थिति और मजबूत होगी। लोगों ने मांग की है कि संबंधित विभाग शीघ्र बकाया राशि का भुगतान कर वित्तीय अनुशासन का उदाहरण पेश करें।
