
मेधावी विद्यार्थियों को स्कूल बैग, अंगवस्त्र एवं सम्मान चिन्ह भेंट
*गंगोह, 18 मई 2026।*
रोटरी क्लब गंगोह द्वारा रोटरी थीम 2025-26 *“UNITE FOR GOOD – एकजुट होकर अच्छा करें”* के अंतर्गत हिन्दू राष्ट्रीय इंटर कॉलेज, गंगोह में *“नवोदय – स्वास्थ्य, सहयोग एवं सुविचार का गुलदस्ता”* कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारम्भ राष्ट्रगान एवं माँ सरस्वती पूजन के साथ हुआ।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विद्यालय प्रबंधक योगेश गर्ग, उपप्रबंधक मुकेश गुप्ता, एच.आर. इंटर कॉलेज के अध्यक्ष प्रवीण मित्तल, सदस्य डॉ. राकेश गर्ग, प्रधानाचार्य विजय कुमार, रोटरी क्लब गंगोह के अध्यक्ष रोटे. विकास सिंघल एवं सचिव सचिन गर्ग उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने दीप प्रज्वलित एवं पुष्प अर्पित कर कार्यक्रम का शुभारम्भ किया।
कार्यक्रम के अंतर्गत *कक्षा 6 से 12 तक के सभी सेक्शनों में प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं* को स्कूल बैग देकर सम्मानित किया गया।

उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की इंटरमीडिएट परीक्षा 2026 में *जिला स्तर पर पाँचवाँ स्थान* प्राप्त करने वाले विज्ञान वर्ग के मेधावी छात्र *विशान्ग* को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। रोटरी क्लब की ओर से उन्हें बैज लगाकर, अंगवस्त्र पहनाकर सम्मानित किया गया तथा स्कूल बैग एवं रोटरी का प्रतीक चिन्ह *“फोर-वे टेस्ट”* भेंट किया गया। इसके अतिरिक्त राधा स्वामी मेडिकल सेंटर की ओर से डॉ. विनीत अग्रवाल एवं उनकी पत्नी डॉ. सुनीता अग्रवाल द्वारा छात्र को *1100 रुपये की छात्रवृत्ति* प्रदान की गई।
कार्यक्रम में उपस्थित चिकित्सकों एवं वक्ताओं ने विद्यार्थियों को स्वास्थ्य, व्यक्तित्व विकास, मानसिक तनाव एवं डिप्रेशन से बचाव, अनुशासन तथा सकारात्मक जीवनशैली के विषय में महत्वपूर्ण जानकारी दी।

* *डॉ. एन.पी. सिंह* ने साइबर क्राइम से बचाव एवं ऑनलाइन सुरक्षा पर विद्यार्थियों को जागरूक किया।
* *डॉ. मनोज जैन* ने संतुलित खान-पान एवं जंक फूड के दुष्प्रभावों पर प्रकाश डाला।
* *डॉ. अमित गर्ग* ने विद्यार्थियों को मोटिवेशन एवं लक्ष्य प्राप्ति के गुर बताए।
* *डॉ. एस.आर. सैनी* ने मानसिक तनाव के कारण एवं उससे बचने के उपाय साझा किए।
* *डॉ. विनीत अग्रवाल* ने अनुशासन को सफलता का मूल आधार बताया।
* *डॉ. नरेंद्र पाल, डॉ. निर्मल जैन, डॉ. सुनीता अग्रवाल एवं डॉ. वीणा सैनी* ने छात्र-छात्राओं को स्वास्थ्य, स्वच्छता, किशोरावस्था में होने वाले हार्मोनल परिवर्तन एवं व्यक्तित्व विकास के संबंध में विस्तार से जानकारी दी।
वक्ताओं ने विद्यार्थियों को नियमित दिनचर्या अपनाने, पौष्टिक भोजन लेने, मोबाइल के अत्यधिक प्रयोग से बचने तथा सकारात्मक सोच एवं आत्मविश्वास के साथ जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने अनुशासन, अच्छे व्यवहार एवं नैतिक मूल्यों को व्यक्तित्व विकास का आधार बताते हुए विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने का संदेश दिया।

रोटरी क्लब गंगोह के अध्यक्ष *रोटे. विकास सिंघल* ने कहा कि “नवोदय कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को शिक्षा, स्वास्थ्य एवं नैतिक मूल्यों से जोड़ना है।”
कार्यक्रम के संयोजक *रोटे. डॉ. विनीत अग्रवाल* ने अपने संबोधन में कहा,
*“नवोदय का अर्थ है – नया उदय, नई शुरुआत। रोटरी का प्रयास है कि बच्चों को केवल किताबी ज्ञान ही नहीं, बल्कि स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता और अच्छे संस्कार भी दिए जाएँ। आज सम्मानित किए गए विद्यार्थी ही कल समाज की दिशा तय करेंगे। रोटरी का फोर-वे टेस्ट हमें सत्य, निष्पक्षता एवं समाजहित की भावना सिखाता है।”*
इस अवसर पर कॉलेज समिति के अध्यक्ष *प्रवीण मित्तल* ने रोटरी क्लब गंगोह का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत आवश्यक हैं।
कार्यक्रम का संचालन कॉलेज के अध्यापक *गगन गर्ग* ने किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में प्रधानाचार्य विजय कुमार एवं समस्त विद्यालय परिवार का विशेष सहयोग रहा।

इस अवसर पर डॉ. के.के. वर्मा, सचिन वर्मा, विनय कुमार, मयंक कुमार, रूबी बिंदल, वरिष्ठ लिपिक अनुपम गोयल सहित विद्यालय के अध्यापकगण एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। वहीं रोटरी क्लब की ओर से रोटेरियन विशाल जैन, रोटेरियन दिनेश मित्तल, रोटेरियन राजेंद्र शर्मा, रोटेरियन अमित गोयल एवं कोषाध्यक्ष रोटे. मुकेश गुप्ता सहित अनेक सदस्य मौजूद रहे।
रिपोर्टर,,, ब्यूरो चीफ तीर्थ चौधरी
