चंपारण की खबर::पूर्वी चंपारण में नशा ( मादक पदार्थों) के खिलाफ बड़ी कार्रवाई

Breaking news News बिहार

झरौखर चेक पोस्ट पर चार पहिया वाहन से मिला 30 किलो गांजा जब्त

तस्कर वाहन छोड़कर फरार हुआ

मोतिहारी, राजन द्विवेदी।

पूर्वी चंपारण में सुरक्षा बलों ने नशा कारोबारियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। इस क्रम में जिले के
झरौखर के  भारत नेपाल सीमा क्षेत्र में सुरक्षा बलों ने मादक पदार्थों की तस्करी के एक बड़ी खेप जब्त कर ली है।

जानकारी के अनुसार सोमवार रात झरौखर एसएसबी बीओपी चेक पोस्ट पर सघन वाहन जांच के दौरान एक टाटा सफारी वाहन से 30.5 किलोग्राम गांजा जब्त किया। हालांकि, वाहन चालक मौके से फरार होने में सफल रहा।
सुरक्षा बलों को नेपाल से गांजा की खेप आने की गुप्त सूचना मिली थी। इसी सूचना के आधार पर झरोखर एसएसबी बीओपी चेक पोस्ट पर वाहनों की तलाशी ली जा रही थी। भारत की ओर नो-मैन्स लैंड  क्षेत्र में कई वाहन अपनी बारी का इंतजार कर रहे थे। जांच होते देख एक टाटा सफारी वाहन का चालक अचानक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। इससे सुरक्षा बलों का संदेह गहरा गया। एसएसबी के तलाशी दल ने तुरंत कार्रवाई शुरू की और पास में मौजूद झरौखर थाना पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंच गई।
संयुक्त टीम ने वाहन की गहन तलाशी ली। तलाशी के दौरान वाहन से 4 बंडलनुमा पैकेट में रखा कुल 30.5 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। जब्त वाहन का रजिस्ट्रेशन नंबर BR 05 P 7318 है, जिसका आरसी कार्ड भी वाहन से ही मिला है। यह कार्रवाई झरौखर गांव के समीप भारत-नेपाल सीमा के नो-मैन्स लैंड क्षेत्र में, आईएनबी बीपी संख्या 357/03 के पास की गई। एसएसबी और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने वाहन समेत बरामद मादक पदार्थ को जब्त कर लिया है। झरौखर थाना प्रभारी असलम अंसारी ने बताया कि इस मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। फरार चालक की पहचान कर उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।यह कार्रवाई सीमावर्ती इलाकों में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ सुरक्षा बलों की सतर्कता और सख्ती को दर्शाती है।