चंपारण की खबर::मादक पदार्थों के अवैध व्यापार एवं इसके सेवन के विरुद्ध नियमित छापामारी करें : सौरभ जोरवाल

Breaking news News बिहार

मोतिहारी, राजन द्विवेदी।

पूर्वी चंपारण के जिलाधिकारी सौरभ जोरवाल की अध्यक्षता में एन-कोर्ड की जिला स्तरीय बैठक का आयोजन वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से किया गया। जिसमें डीएम ने कहा कि मादक पदार्थों के अवैध व्यापार, इसके सेवन एवं उर्वरकों के कालाबाजारी एवं अवैध परिवहन के विरुद्ध लगातार छापामारी करें एवं पकड़े गए लोगों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करें। जिला के बॉर्डर एरिया खासकर रक्सौल, आदापुर, घोड़ासहन, ढाका के क्षेत्र में लगातार अभियान चलाएं। बैठक में सभी अनुमंडल पदाधिकारी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, डीएसपी हेडक्वार्टर, सिविल सर्जन, समादेष्टा 71वीं बटालियन, 20वीं बटालियन एवं 47वीं बटालियन, औषधि नियंत्रक, जिला कृषि पदाधिकारी, वन प्रमंडल पदाधिकारी, अधीक्षक मद्दय निषेध, डीपीओ आईसीडीएस, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला पंचायत राज पदाधिकारी एवं प्रतिनिधि नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो मोतिहारी उपस्थित थे।
बैठक में उपस्थित कमांडेंट 47 वीं बटालियन सशस्त्र सीमा बल रक्सौल ने बताया कि पुलिस के साथ सशस्त्र सीमा बल की ज्वाइंट ऑपरेशन में पिछले एक माह में 104 किलोग्राम गांजा, 26.10 ग्राम स्मैक पकड़ा गया है। उन्होंने बताया कि 03 नेपाली लोग के साथ 02 अन्य लोगों को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने बताया कि मादक पदार्थ अधिकांश रूप से नेपाल के रास्ते जिला में आ रहा है। जबकि कई तरह के ड्रग्स इस साइड से नेपाल की तरफ जा रहा है। इस पर सीमा सुरक्षा बल द्वारा लगातार निगरानी रखी जा रही है एवं स्थानीय पुलिस के सहयोग से अभियान चलाया जा रहा है।
कमांडेंट 71वीं बटालियन सशस्त्र सीमा बल पिपरा कोठी के द्वारा बताया गया कि स्थानीय पुलिस के सहयोग से नार्कोटिक्स के 08 केश दर्ज कराए गए हैं। उन्होंने बताया कि ड्रग्स दुकानों पर भी छापेमारी की गई है।
जिला कृषि पदाधिकारी ने बताया कि उर्वरक के अवैध व्यापार के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। पिछले एक माह में आठ एफआईआर दर्ज कराए गए हैं। सीमावर्ती इलाकों में पांच दुकानों का लाइसेंस रद किया गया है। बनकटवा में तीन बाइकर्स को पकड़ा गया है और उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ढाका ने बताया कि अनुमंडल अंतर्गत 104 केजी गांजा और 7 केजी अफीम के साथ-साथ ब्राउन शुगर, नशीली टैबलेट एवं उर्वरक की भी रिकवरी की गई है। उन्होंने कहा कि लगभग 3000 लीटर अल्कोहल भी पकड़ा गया है।
बताया कि घोड़ासहन में की गई छापेमारी में अनियमितता पकड़े जाने पर उर्वरक की दुकान को सील किया गया है।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि सीमा सुरक्षा बल स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर इसके विरुद्ध अभियान चलाएं। जिला कृषि पदाधिकारी को निर्देश दिया कि बॉर्डर एरिया में खाद के दुकानों के स्टॉक वेरिफिकेशन नियमित रूप से किया जाए।
कहा कि निरोधात्मक कार्य में लगे हुए पदाधिकारी स्थानीय थाना को सूचना निश्चित रूप से दें और एक दूसरे के साथ समन्वय बनाकर कार्य करें।
जिलाधिकारी ने कहा कि मादक पदार्थों का चलन युवा वर्ग में तेजी से बढ़ रहा है। जिसका उनके स्वास्थ्य, उनके परिवार और समाज पर इसका बुरा प्रभाव देखने को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि उन जगहों को चिन्हित किया जाए जहां बच्चे मादक पदार्थों का सेवन कर रहे हैं और वहां लगातार नजर रखी जाय।

जिलाधिकारी ने कहा कि जिले के कुछ क्षेत्रों में पार्किंग शुल्क अथवा नगर निकाय व जिला परिषद के टेंडर के नाम पर सड़क पर चलती गाड़ियों से वसूली की जा रही है जो पूर्णतः अवैध है। यह कृत्य रंगदारी/अवैध वसूली की श्रेणी में आता है। इसको लेकर जिलाधिकारी ने सभी अनुमंडल पदाधिकारी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी को निर्देश दिया कि किसी भी परिस्थिति में सड़क पर चलती गाड़ियों से वसूली नहीं हो इसे सुनिश्चित कराएं एवं ऐसे मामलों की तत्काल जांच कर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराते हुए उनकी गिरफ्तारी करना सुनिश्चित करें। जिलाधिकारी ने इस तरह के मामलों पर सतत निगरानी रखते हुए प्रभावी कदम उठाने का निर्देश दिया गया।