
–जिला अग्निशमन विभाग पूर्वी चम्पारण ने अग्निशमन सेवा सप्ताह (14-20 अप्रैल) के तहत साइक्लोथॉन का किया आयोजन
मोतिहारी , राजन द्विवेदी।
जिला अग्निशमन विभाग पूर्वी चम्पारण द्वारा अग्निशमन सेवा सप्ताह (14-20 अप्रैल) के तहत साइक्लोथॉन (बालक -बालिका) का आयोजन गुरुवार को समाहरणालय के समीप किया गया। साइक्लोथॉन में शामिल प्रतिभागियों को समाहरणालय के समीप जिला समादेष्टा सह जिला अग्निशमन पदाधिकारी तृप्ति सिंह ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। समाहरणालय से निकलकर सभी प्रतिभागी कचहरी चौक, राजा बाजार, फ्लाईओवर, सदर अस्पताल रोड होते हुए नगर थाना के सामने गोलम्बर होकर पुनः इसी मार्ग से वापस समाहरणालय पहुंचने के बाद समापन हुआ। प्रतिभागियों की सुरक्षा के लिए पुलिस बल आगे-आगे सक्रिय रहे।
बालक वर्ग में रविरंजन कुमार ने प्रथम स्थान हासिल किया. जबकि द्वितीय स्थान पर आशीष भारद्वाज व तृतीय स्थान पर सुधीर शर्मा रहे।
बालिका वर्ग में प्रथम स्थान पर आयुषी श्रीवास्तव, द्वितीय स्थान पर रितिका कुमारी व तृतीय स्थान पर साक्षी कुमारी रहीं।

सभी विजेताओं को जिला समादेष्टा सह जिला अग्निशमन पदाधिकारी व अन्य पदाधिकारी ने मोमेंटो और प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। साइक्लोथॉन का मुख्य उद्देश्य अग्नि सुरक्षा बिंदुओं पर आमलोगों के बीच जागरूकता फैलाना था।
मौके पर जिला अग्निशमन विभाग के कई पदाधिकारियों के अलावा जिला साइक्लिंग संघ के सचिव सिद्धार्थ वर्मा, बिहार साइक्लिंग के मुख्य कोच अभय कुमार लुईस, शारीरिक शिक्षकों में विजय कुमार व अमित राज सहित सीनियर साइक्लिस्टो में बेबी कुमारी, अप्पी कुमारी, श्वेता कुमारी, धर्मवीर कुमार, राजन कुमार, एस पी लाल कुमार, मणिकांत पटेल उपस्थित थे।
