
- 30 स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को किया जागरूक, 350 परिवारों तक पहुंचेगा संदेश
शिवहर।
सुगिया, कटसरी वार्ड संख्या 12 में आज जीविका वीओ (विलेज ऑर्गेनाइजेशन) की बैठक का आयोजन किया। जिसमें फाइलेरिया उन्मूलन के लिए चलाए जा रहे सर्वजन दवा सेवन (एमडीए) कार्यक्रम को लेकर व्यापक जागरूकता फैलाई गई। बैठक में कुल 30 स्वयं सहायता समूह (एसएचजी) की सदस्यों ने भाग लिया, जिन्हें फाइलेरिया से बचाव एवं दवा सेवन के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
बैठक के दौरान यह बताया कि ये 30 सदस्य अपने-अपने समूहों के माध्यम से लगभग 350 अन्य सदस्यों और परिवारों तक इस जागरूकता संदेश को पहुंचाएंगी। इससे समुदाय में इस गंभीर बीमारी के प्रति समझ बढ़ेगी और अधिक से अधिक लोग एमडीए कार्यक्रम में भाग लेंगे।
कार्यक्रम में डीए (ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन) टीम को आमंत्रित किया। जिन्होंने मौके पर ही सभी उपस्थित महिलाओं को एमडीए की दवा खिलाई। साथ ही दवा सेवन के फायदे, उसकी आवश्यकता तथा संभावित एडीआर की स्थिति में क्या करना चाहिए, इसकी भी विस्तृत जानकारी साझा की गई।
इस अवसर पर सीसी रंजन कुमार, पिरामल स्वास्थ्य शिवहर के प्रोग्राम ऑफिसर नवीन कुमार मिश्रा एवं डीए सुपरवाइजर निर्मला कुमारी ने सक्रिय भूमिका निभाते हुए कार्यक्रम को सफल बनाया और सभी प्रतिभागियों को दवा सेवन के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य समुदाय को फाइलेरिया (हाथीपांव) जैसी गंभीर बीमारी से बचाव के लिए जागरूक करना और अधिक से अधिक लोगों को दवा सेवन के लिए प्रेरित करना है। बैठक के अंत में सभी ने एक स्वर में संकल्प लिया कि “हम सबने ठाना है, फाइलेरिया दूर भगाना है।”
