
– मामले में डीआईजी सख्त, चौकीदार समेत एक दर्जन आरोपी गिरफ्तार, तुरकौलिया थानाध्यक्ष सस्पेंड
मोतिहारी, राजन द्विवेदी।
जहरीली शराब कांड ने पूरे चंपारण में हलचल मचा दी है। एक तरफ मोतिहारी में कल उप राष्ट्रपति, राज्यपाल, मुख्यमंत्री एवं उप मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर जिला प्रशासन प्रोटोकॉल के साथ साथ सुरक्षा व्यवस्था में जुटी तो दूसरी तरफ जहरीली शराब पीने से मौत के तांडव ने जिला प्रशासन व पुलिस पदाधिकारियों की नींद हराम कर दी है।
इधर, इस शराब से मौत मामले को डीआईजी हरि किशोर राय ने गंभीरता से लिया है। जिलाधिकारी सौरभ जोरवाल एवं एसपी स्वर्ण प्रभात सहित अन्य पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर कई दिशा निर्देश दिए हैं। कहा है कि लोगों को शराब सेवन और बिक्री करने वाले से शराब नष्ट करने के प्रति जागरूक कराएं। वहीं इसके दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।
बता दें कि बीते 2 अप्रैल को जहरीली शराब ने जिले के तुरकौलिया थाना क्षेत्र में ऐसा कहर बरपाया कि अब तक पांच लोगों की जीवन लीला समाप्त हो गई है। जबकि एक दर्जन से भी ज्यादा लोग गंभीर रूप से बीमार हो गए। जिसमें अभी भी छह लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है। इस मामले में एक चौकीदार समेत एक दर्जन आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। साथ ही तुरकौलिया थानाध्यक्ष उमाशंकर मांझी को एसपी ने लापरवाही बरतने को लेकर सस्पेंड कर दिया है।
– मृतकों के परिजनों ने दर्ज कराई प्राथमिकी
एसपी स्वर्ण प्रभात ने बताया कि मृत व्यक्ति के परिजनों के आवेदन पर तुरकौलिया थाना एवं रघुनाथपुर थाना में हत्या का कांड दर्ज कर मुख्य साजिशकर्ता नागा राय (सा०-परसौना), जम्मु बैठा (सा०-हरदिया) एवं चौकिदार भरत राय (सा०-शंकर सरैया) सहित एक दर्जन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। अन्य फरार अभियुक्तों के विरुद्ध छापेमारी जारी है। तुरकौलिया थानाध्यक्ष उमाशंकर मांझी को एसपी ने लापरवाही बरतने के मामले में सस्पेंड कर दिया है।
– मृतकों की सूची
इस शराब कांड में मरने वालों में तुरकौलिया थाना क्षेत्र के फुलवा चाट निवासी चंदू कुशवाहा, लक्ष्मीपुर गदरिया निवासी प्रमोद यादव, परसौना गांव निवासी परीक्षण मांझी, हरदिया गांव निवासी हीरालाल भगत एवं रघुनाथपुर थाना क्षेत्र के बालगंगा निवासी संपत साह शामिल हैं।
-एसपी ने एसआईटी का किया गठन
एसपी ने बताया कि बताया कि बीते दो अप्रैल को 01 व्यक्ति की मृत्यु एवं 02 ईलाजरत होने की सूचना मिली थी। घटना की गंभीरता को देखते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सदर-1 के नेतृत्व में एसआईटी टीम का गठन किया गया।
उक्त मामले में कल रात तक कुल 04 लोगों की मृत्यु की पुष्टि हुई थी। जबकि पांचवें व्यक्ति की मौत एसकेएमसीएच में इलाज के दौरान होने की सूचना है। जहां 06 लोग ईलाजरत थे।एवं 07 लोग ईलाज उपरांत घर लौट चुके हैं।
– डीएम के निर्देश पर हेल्थ टीम लोगों के स्वास्थ्य जांच में जुटी
जिलाधिकारी सौरभ जोरवाल के निर्देश पर जहरीली शराब प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य विभाग ने मेडिकल कैंप लगाया है। जिसमें लक्ष्मीपुर, मजुरहा, रघुनाथपुर, परसौना, हरदिया, चैलहा, शंकर सरैया एवं बालगंगा में हेल्थ टीम घर-घर जाकर लोगों की स्वास्थ्य जांच कर रही है। ताकि कोई भी बीमार व्यक्ति चिकित्सा सुविधा से वंचित न रहे। सभी प्रभावित क्षेत्रों में मेडिकल टीम द्वारा जांच एवं उपचार किया जा रहा है। इसके साथ ही माइकिंग के माध्यम से लोगों को जागरूक किया जा रहा है। जिला प्रशासन ने क्षेत्रवासियों से निर्मित शराब व बिक्री के लिए रखे शराब को जनहित में विनष्ट करने की अपील किया है। साथ ही उसके सेवन नहीं करने के लिए आह्वान किया है।
