
मुजफ्फरपुर
24 मार्च, 2026
उत्साह और गौरव के साथ समाप्त हुआ बिहार दिवस समारोह, 30 छात्र/छात्रा/ स्वास्थ्यकर्मी हुए सम्मानित
बिहार दिवस के अवसर पर आयोजित तीन दिवसीय भव्य एवं आकर्षक समारोह का समापन शहीद खुदीराम बोस स्टेडियम में अत्यंत सफल एवं सुचारु रूप से संपन्न हुआ। समापन दिवस पर जिलाधिकारी श्री सुब्रत कुमार सेन ने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 30 छात्र-छात्राओं एवं कर्मियों को प्रशस्ति पत्र एवं प्रतीक चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया। पूरे आयोजन के दौरान उत्साह, अनुशासन और सांस्कृतिक गौरव का अद्भुत संगम देखने को मिला।

समारोह को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने बिहार दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित विविध कार्यक्रमों की सफलता के लिए सभी विभागों के अधिकारियों, कर्मियों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि बिहार दिवस केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, गौरवशाली इतिहास और प्रगतिशील भविष्य की दिशा में सामूहिक संकल्प का प्रतीक है। उन्होंने उपस्थित लोगों से आह्वान किया कि वे एकजुट होकर विकास के नये मानक स्थापित करें और बिहार की पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर और मजबूत बनायें।

तीन दिवसीय इस आयोजन के दौरान कुल 26 स्टॉल लगाए गए थे, जिनमें बिहार के ग्रामीण एवं शहरी जीवन, विभिन्न सरकारी योजनाओं तथा पारंपरिक कला-संस्कृति की झलक प्रस्तुत की गई। इन स्टॉलों के माध्यम से लोगों को राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई, वहीं बिहार की लोक परंपराओं, हस्तशिल्प, खानपान और जीवन शैली को भी प्रभावी ढंग से प्रदर्शित किया गया। बड़ी संख्या में आये दर्शकों ने इन स्टॉलों की सराहना की और आयोजन को ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायक बताया।
सांस्कृतिक कार्यक्रम इस आयोजन का मुख्य आकर्षण रहे। मंच पर प्रस्तुत किए गए कार्यक्रमों में बिहार की समृद्ध परंपरा और विरासत की जीवंत झलक देखने को मिली। कलाकारों ने पारंपरिक पर्व-त्योहार, विवाह गीत, सोहर, झूमर आदि लोक विधाओं की मनमोहक प्रस्तुति दी, जिससे पूरा वातावरण सांस्कृतिक रंग में रंग गया। दर्शकों ने इन प्रस्तुतियों का भरपूर आनंद लिया और कलाकारों की प्रतिभा की जमकर सराहना की।

शिक्षा विभाग द्वारा भी बिहार दिवस के अवसर पर विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिनमें चित्रकला, गणित ओलंपियाड, पत्र लेखन एवं क्विज प्रतियोगिता प्रमुख रही। इन प्रतियोगिताओं में जिले के अनेक विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को जिलाधिकारी द्वारा सम्मानित किया गया, जिससे विद्यार्थियों का मनोबल बढ़ा और उनमें आगे बढ़ने की प्रेरणा जागृत हुई।
स्वास्थ्य विभाग ने भी इस अवसर पर अपने विभिन्न केंद्रों पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले पदाधिकारियों एवं कर्मियों को सम्मानित किया। स्वास्थ्य सेवाओं में उल्लेखनीय योगदान देने वाले अधिकारियों/कर्मियों को प्रशस्ति पत्र एवं प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। इस पहल से स्वास्थ्यकर्मियों में सेवा भावना और अधिक सुदृढ़ होने की उम्मीद जताई गई।

समापन समारोह के दौरान सुरक्षा, स्वच्छता और व्यवस्था का विशेष ध्यान रखा गया। जिला प्रशासन की ओर से सभी आवश्यक व्यवस्थाएं ससमय सुनिश्चित की गई थीं, जिससे पूरे कार्यक्रम का संचालन सुचारु रूप से संपन्न हुआ। आमजन की भागीदारी भी इस आयोजन की सफलता का प्रमुख आधार रही। बड़ी संख्या में लोग कार्यक्रम में शामिल हुए और बिहार दिवस के इस उत्सव को यादगार बनाया।
कुल मिलाकर, बिहार दिवस का यह तीन दिवसीय आयोजन मुजफ्फरपुर में धूमधाम, उत्साह और हर्षोल्लास के वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। यह आयोजन न केवल सांस्कृतिक दृष्टि से समृद्ध रहा, बल्कि सामाजिक जागरूकता और विकास के संदेश को भी प्रभावी ढंग से प्रसारित करने में सफल साबित हुआ।
