
मोतिहारी , राजन द्विवेदी।
जिला परिषद की अध्यक्ष ममता राय ने शुक्रवार को स्वास्थ्य विभाग की समीक्षात्मक बैठक में अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आम लोगों को समय पर और सुलभ स्वास्थ्य सुविधा मिलना चाहिए। इसमें चूक करने वाले पदाधिकारियों को बख्शा नहीं जाएगा।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए श्रीमती राय ने सबसे पहले जिले के अस्पतालों में दवाओं की कमी पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा स्वीकृत दवाएं हर हाल में स्वास्थ्य केंद्रों में उपलब्ध होनी चाहिएं। साथ ही कई अस्पतालों में ओपीडी में मरीजों की संख्या कम होने को गंभीर मुद्दा बताते हुए इसे बढ़ाने का निर्देश दिया।
–बैठक के प्रमुख निर्देश
- बेवजह रेफर पर रोक: अध्यक्ष ने कहा कि PHC में संसाधन और MBBS डॉक्टर मौजूद होने के बावजूद मरीजों को सीधे सदर अस्पताल रेफर कर दिया जाता है। इस प्रवृत्ति पर तुरंत रोक लगाई जाए।
- आपात दवाओं का भंडारण: बरसात का मौसम देखते हुए सभी अस्पतालों में एंटी स्नेक, एंटी रेबीज और अन्य जीवनरक्षक दवाओं का पर्याप्त भंडार रखने को कहा गया।
- आउटसोर्सिंग एजेंसियों पर नजर: जेनेरेटर, सुरक्षा गार्ड, खान-पान और सफाई जैसी आउटसोर्सिंग सेवाओं में लापरवाही पर नाराजगी जताई। सिविल सर्जन को इन एजेंसियों का खुद पर्यवेक्षण करने का आदेश दिया।
- अवैध नर्सिंग होम पर कार्रवाई: जिले में चल रहे अवैध नर्सिंग होम और अल्ट्रासाउंड केंद्रों को बंद कर नियमानुसार कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
- सुविधाओं की तत्काल बहाली: जिन अस्पतालों में टेक्नीशियन, बायोमैट्रिक और एंबुलेंस नहीं हैं वहां तुरंत व्यवस्था करने को कहा। PHC पर एक्स-रे और अल्ट्रासाउंड सेवा शुरू कराने का भी निर्देश दिया।
- एंबुलेंस की जानकारी सार्वजनिक हो: एंबुलेंस संचालित करने वाली एजेंसी का नाम, रजिस्ट्रेशन नंबर, चालक का नाम और मोबाइल नंबर सार्वजनिक करने को कहा ताकि मरीजों को परेशानी न हो।
- अध्यक्ष ने सराहना भी की
श्रीमती राय ने जननी बाल सुरक्षा योजना के तहत 100% भुगतान सुनिश्चित करने और सदर अस्पताल में एक दिन में 60 डिलीवरी सफलतापूर्वक कराने पर सिविल सर्जन को धन्यवाद भी दिया।
बैठक में जिला परिषद सदस्य ईश्वरचंद्र मिश्रा, आभा देवी, अनीता देवी, सहयोजित सदस्य शशि भूषण राय उर्फ गप्पू राय, शब्बीर आलम, अकबरी खातून सहित बनकटवा, हरसिद्धि, सुगौली, तुरकौलिया, रक्सौल, अरेराज, ढाका आदि प्रखंडों के चिकित्सा पदाधिकारी और डीपीएम मौजूद थे।
