चंपारण की खबर::मध्यस्थता से चार वर्ष पुराने दांपत्य विवाद का हुआ सुखद समाधान

Breaking news News बिहार




मोतीहारी, राजन द्विवेदी।


पूर्वी चंपारण मध्यस्थता केंद्र में आज राष्ट्र के नाम मध्यस्थता कार्यक्रम 0.2 के अंतर्गत एक महत्वपूर्ण सफलता दर्ज हुई। पति-पत्नी के बीच लगभग चार वर्षों से चल रहे विवाद का आपसी सहमति से पटाक्षेप हो गया। पति कृष्णा पटेल एवं पत्नी निशा कुमारी के बीच लंबे समय से चला आ रहा दांपत्य विवाद, मध्यस्थ सह मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी पुनीत कुमार तिवारी के सकारात्मक प्रयासों एवं कुशल मार्गदर्शन से सौहार्दपूर्ण ढंग से सुलझा लिया गया। दोनों पक्षों ने आपसी सहमति से समझौता कर पुनः पारिवारिक जीवन को आगे बढ़ाने का निर्णय लिया।
बता दें कि यह मध्यस्थता कार्यक्रम जिला विधिक सेवा प्राधिकार, मोतीहारी के तत्वावधान में संचालित किया जा रहा है। जिसका उद्देश्य न्यायालयीन बोझ कम करना एवं पारिवारिक विवादों का शांतिपूर्ण समाधान करना है।
इस अवसर पर समन्वयक सह अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश मुकुंद कुमार, रेशमा वर्मा (अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश), मुकेश कुमार (एसडीजेएम, रक्सौल), मध्यस्थ अधिवक्ता अशोक कुमार पाण्डेय, ऋषि राज सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
यह सफलता मध्यस्थता प्रणाली की प्रभावशीलता को दर्शाती है और समाज में आपसी संवाद व समझौते के माध्यम से विवाद समाधान की दिशा में एक महत्वपूर्ण सीढ़ी साबित हुई है।