
जहानाबाद (बिहार) से ब्यूरो चीफ मनोहर सिंह का रिपोर्ट।
जहानाबाद -जिला पदाधिकारी अनिल कुमार सिन्हा के निर्देशानुसार आज दिनांक 24 जनवरी, 2026 को राष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर राज्य संपोषित इंटर बालिका विद्यालय, जहानाबाद में जिला हब फॉर एंपावरमेंट ऑफ विमेन के तत्वावधान में एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बालिकाओं के अधिकार, शिक्षा, समान अवसर तथा उनके सशक्तिकरण के प्रति समाज में जागरूकता फैलाना था।
कार्यक्रम के दौरान जिला परियोजना प्रबंधक प्रियंका सिंह ने उपस्थित छात्राओं एवं शिक्षकों को संबोधित करते हुए कहा कि बालिकाएँ समाज की मजबूत नींव हैं। उन्होंने बालिकाओं को शिक्षा, स्वास्थ्य एवं रोजगार के क्षेत्र में समान अवसर प्रदान करने की आवश्यकता पर बल दिया तथा उन्हें आत्मनिर्भर बनाकर समाज की मुख्यधारा से जोड़ने की बात कही।

इस अवसर पर शैलेश कुमार, जेंडर स्पेशलिस्ट द्वारा बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत बाल विवाह के दुष्परिणामों पर विस्तार से प्रकाश डाला गया। उन्होंने बताया कि बाल विवाह न केवल कानूनन अपराध है, बल्कि यह बालिकाओं के स्वास्थ्य, शिक्षा और भविष्य पर गंभीर प्रभाव डालता है। उन्होंने आमजन से अपील की कि बाल विवाह से संबंधित किसी भी प्रकार की सूचना महिला हेल्पलाइन 181 अथवा जिला प्रशासन को तुरंत दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
कार्यक्रम में केंद्र प्रशासक ज्योत्सना कुमारी, केस वर्कर अंजुशा कुमारी सहित विद्यालय के शिक्षकगण एवं छात्राएँ उपस्थित रहीं। सभी उपस्थित लोगों ने बालिकाओं की सुरक्षा, शिक्षा एवं सशक्तिकरण के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।

राष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, घोषी मे प्रखंड विकास पदाधिकारी, घोसी सरिता कुमारी की अध्यक्षता मे सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजित किया गया। राष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, घोषी की छात्राओं ने बालिकाओं के अधिकार, उत्थान उनके विकास कैसे किया जाए, जिसपर आधारित कार्यक्रम की प्रस्तुति कर आमजनों को संदेश दिया। प्रखंड विकास पदाधिकारी, घोषी द्वारा भी राष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, घोषी की छात्राओं की शिक्षा प्राप्त करने तथा अपने जीवन का उत्थान कर एक मुकाम हासिल करने का अपील किया।
