
जिला पदाधिकारी ने बाढ़ ग्रस्त इलाकों का किया निरीक्षण, दिया आवश्यक निर्देश।
जहानाबाद (बिहार) से ब्यूरो चीफ मनोहर सिंह का रिपोर्ट।
जहानाबाद– विगत कुछ दिनों से हो रही भारी वर्षा के कारण मोरहर, दरधा एवं फल्गु सहित अन्य नदियों के कैचमेंट क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। जिसके फलस्वरूप जहानाबाद जिले के कुछ इलाकों में संभावित जलप्रवाह और बाढ़ जैसी स्थिति को देखते हुए प्रशासनिक सतर्कता बढ़ा दी गई है।
प्राप्त सूचनाओं के अनुसार, जिले के घोसी एवं मोदनगंज प्रखंड अंतर्गत कुछ स्थानों पर जमींदारी बाँध एवं संपर्क पथों पर जल का ओवर-टॉपिंग हुआ है, जिससे आंशिक क्षति की जानकारी प्राप्त हुई है।

जिला पदाधिकारी अलंकृता पांडेय ने स्वयं बाढ़ ग्रस्त क्षेत्रों का निरीक्षण कर क्षतिग्रस्त संरचनाओं की मरम्मत का कार्य बाढ़ नियंत्रण एवं जल निस्सरण प्रमंडल, एकंगरसराय (नालंदा), ग्रामीण कार्य विभाग, पथ प्रमंडल एवं विद्युत प्रमंडल, जहानाबाद द्वारा तत्परता से प्रारंभ कर देने का निर्देश जारी कर दिया है।
वही नगर परिषद, जहानाबाद क्षेत्र में एहतियाती कार्यवाही के तहत जफरगंज मुहल्ले में पॉलिथीन शीट्स का वितरण कराया गया है, जबकि शकूराबाद क्षेत्र में बैरिकेडिंग की व्यवस्था की गई है, ताकि जनसुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
उदेरास्थान बराज से जल के नियंत्रित रूप में छोड़े जाने से वर्तमान में जलभराव की स्थिति में सुधार हुआ है। स्थिति सामान्य बनी हुई है। साथ ही सिंचाई हेतु आवश्यक जलप्रवाह बनाए रखने के लिए कुछ गेटों को बंद करने की प्रक्रिया शुरू की गई है।
वही जिला पदाधिकारी ने बताई कि अपर समाहर्ता अनिल कुमार सिन्हा एवं सहायक आपदा प्रभारी ऋतिक तेजस्वी द्वारा लगातार क्षेत्र का भ्रमण कर स्थिति पर बारीकी से नजर रखी जा रही है। उन्होंने बताई कि
सभी अंचलाधिकारी को अपने-अपने क्षेत्रों में सतत निगरानी करने एवं किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई के लिए पूरी तरह सक्रिय रहने का निर्देश दिया गया हैं।

वही उन्होंने बताई कि किसी भी आपात स्थिति में नागरिक निम्नलिखित नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं –
9905614917 / 9507716164
(जिला आपातकालीन संचालन केंद्र)
वही आमजनों से अपील किया है कि नदियों/नहरों/जलस्रोतों के समीप जाने से बचें। बच्चों एवं पशुओं को भी दूर रखे।