
मोतिहारी , राजन द्विवेदी।
जिले में सरकारी जमीन बचाने के लिए प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। छतौनी थाना क्षेत्र के हवाई अड्डा परिसर में देर रात कुछ लोग मिट्टी भराई कर सरकारी भूमि पर कब्जा करने की कोशिश कर रहे थे। गुप्त सूचना पर जिलाधिकारी सौरभ सुमन यादव के निर्देश पर सदर सीओ और छतौनी थाना पुलिस की टीम ने मौके पर छापेमारी कर अवैध कब्जे की कोशिश नाकाम कर दी।
छापेमारी के दौरान मौके से मिट्टी भराई में लगे 1 हाईवा डंपर, 1 कार और 1 इलेक्ट्रिक बाइक जब्त की गई। पुलिस ने मुफस्सिल थाना क्षेत्र के भीतिहा गांव निवासी संदीप कुमार को गिरफ्तार किया है।
- मामला दर्ज, गिरोह की तलाश जारी
इस मामले में छतौनी थाने में 5 नामजद और कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। डीएम ने सीओ को पूरे मामले की विस्तृत जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई का आदेश दिया है।
छतौनी थाना के अपर थानाध्यक्ष अभिनव राज ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ के आधार पर फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमों द्वारा लगातार छापेमारी की जा रही है।
प्रशासन की त्वरित कार्रवाई के बाद इलाके में अवैध कब्जा करने वालों में हड़कंप मच गया है। जिला प्रशासन ने साफ किया है कि सरकारी संपत्ति की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और भूमि माफियाओं के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
