
मोतिहारी, राजन द्विवेदी।
नगर निगम का नाला निर्माण कार्य वार्ड 12 और 13 के लोगों के लिए राहत की जगह मुसीबत बन गया है। पिछले एक साल से इलाके की सड़कें एक से दो फीट गंदे पानी में डूबी हैं। घर से निकलना मुश्किल है और स्कूली बच्चे सबसे ज्यादा परेशान हैं।
मठिया धर्म समाज रोड, मठिया-खुदानगर रोड, मठिया-गोल्डी परेश रोड और मठिया से राजमार्ग जाने वाले मार्ग समेत आधा दर्जन सड़कें लगातार जलजमाव की चपेट में हैं। नाले का गंदा पानी सड़कों पर फैला है, जिससे पूरे इलाके में दुर्गंध है।
सुबह स्कूल जाने वाले बच्चों को रोज उसी गंदे पानी से गुजरना पड़ता है। जूते-मोजे और ड्रेस भीग जाते हैं। अभिभावकों का कहना है कि इससे बच्चों की सेहत पर असर पड़ रहा है। बुजुर्ग और महिलाएं भी दिक्कत झेल रहे हैं। सड़कें फिसलन भरी हो गई हैं और आए दिन लोग गिरकर घायल हो रहे हैं। बारिश में सड़क और नाले में फर्क ही नहीं दिखता।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि नगर निगम सिर्फ पंप और टैंकर से अस्थायी निकासी कर रहा है। स्थायी समाधान नहीं हुआ।
निवासियों ने मांग की है कि नाला निर्माण जल्द पूरा हो, जल निकासी की पुख्ता व्यवस्था हो और सड़कें चालू कराई जाएं। अन्यथा आंदोलन की चेतावनी दी गई है।
