
शांति व्यवस्था कायम रखना प्रशासन की जिम्मेवारी -जिला पदाधिकारी
जहानाबाद (बिहार) से ब्यूरो चीफ मनोहर सिंह का रिपोर्ट।
जहानाबाद -जिले में शांति, सौहार्द एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा आम नागरिकों में सुरक्षा एवं विश्वास का वातावरण सुदृढ़ करने के उद्देश्य से जिला पदाधिकारी, छिरिङ वाई भूटिया एवं पुलिस अधीक्षक, कोटा किरण कुमार के संयुक्त नेतृत्व में फ्लैग मार्च निकाला।
फ्लैग मार्च अपराह्न लगभग 4:30 बजे समाहरणालय के मुख्य द्वार से प्रारंभ होकर अंबेडकर चौक, बत्तीस भवरिया, अस्पताल मोड़, अरवल मोड़, ऊँटा मोड़ एवं काको मोड़ सहित शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होते हुए जिला पदाधिकारी आवास तक निकाला गया। फ्लैग मार्च में प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों के साथ पर्याप्त संख्या में पुलिस बल एवं दंडाधिकारी शामिल रहे।
जिला पदाधिकारी ने बताई कि जिले में विधि-व्यवस्था की स्थिति पूर्णतः सामान्य एवं नियंत्रण में है। जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन हर परिस्थिति में कानून-व्यवस्था बनाए रखने, आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा शांति एवं सामाजिक सौहार्द कायम रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। जिले के संवेदनशील एवं महत्वपूर्ण स्थलों पर दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों तथा अतिरिक्त पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है तथा स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
वहीं पुलिस अधीक्षक ने आम नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें तथा सोशल मीडिया अथवा अन्य माध्यमों से प्राप्त अपुष्ट सूचनाओं को साझा करने से बचें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा भ्रामक सूचना की जानकारी तत्काल जिला प्रशासन या पुलिस प्रशासन को उपलब्ध कराएँ, ताकि संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध त्वरित एवं विधिसम्मत कार्रवाई की जा सके।
वहीं जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने जिले के सभी नागरिकों से शांति के साथ कानून व्यवस्था बनाने रखने हेतु जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन का सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि आमजन की सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन पूरी तरह सजग, सक्रिय एवं प्रतिबद्ध है। तथा किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील किया।
