
मेला का आयोजन श्रद्धालुओं के लिए प्रशासनिक सुविधाओं से युक्त एवं पूर्णतः दुर्घटना-मुक्त होना चाहिए, इसमें किसी भी प्रकार की शिथिलता, लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।: जिलाधिकारी ने पदाधिकारियों को दिया निदेश
उत्कृष्ट भीड़-प्रबंधन, सुदृढ़ सुरक्षा-व्यवस्था एवं सुचारू यातायात-प्रबंधन के लिए सभी पदाधिकारी सजग एवं तत्पर रहेंः जिलाधिकारी
मेला का सफल आयोजन प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता; सुविकसित कॉम्युनिकेशन प्लान के साथ सभी पदाधिकारी मुस्तैद रहेंः जिलाधिकारी
टीम भावना एवं अन्तर्विभागीय समन्वय की आवश्यकता पर जिलाधिकारी ने दिया बल

मुजफ्फरपुर, शुक्रवार, दिनांक 24.07.2026ः जिलाधिकारी, मुजफ्फरपुर श्री कुमार गौरव ने कहा है कि श्रावणी मेला, 2026 का आयोजन पूर्णतः सुविधापूर्ण एवं इंसिडेंट-फ्री (दुर्घटनामुक्त) होना चाहिए। उत्कृष्ट भीड़-प्रबंधन, सुदृढ़ सुरक्षा-व्यवस्था एवं सुचारू यातायात-प्रबंधन के लिए सभी पदाधिकारी सजग, सक्रिय एवं तत्पर रहें। वे आज मेला के आयोजन हेतु समाहरणालय स्थित सभाकक्ष में आयोजित एक बैठक में पदाधिकारियों को संबोधित कर रहे थे। ज़िलाधिकारी ने कहा कि मेला का सफल आयोजन प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। श्रद्धालुओं के लिए हर प्रशासनिक सुविधा उपलब्ध रहनी चाहिए। नियंत्रण कक्ष, वॉच टावर, ड्रॉप गेट, सीसीटीवी कैमरों से मॉनिटरिंग, बिजली, साफ-सफाई, चिकित्सा शिविर, ट्रैफिक व्यवस्था, एसडीआरएफ, पेयजल,शौचालय सुविधा सहित अन्य सभी सुविधाएं उपलब्ध रहनी चाहिए। जिलाधिकारी ने निदेश दिया कि जो भी काम बचे हुए हैं उसे संबंधित विभागों के अधिकारी 48 घंटा के अंदर पूरा कर लें। उन्नत एवं सुविकसित कॉम्युनिकेशन प्लान के साथ सभी पदाधिकारी मुस्तैद रहें।
बैठक में ज़िलाधिकारी ने बैरिकेडिंग, साफ सफाई की व्यवस्था, सड़क का सुदृढ़ीकरण, ट्रैफिक प्लान, पार्किंग की व्यवस्था, विद्युत एवं प्रकाश की व्यवस्था, ठहराव स्थल की व्यवस्था, पेयजल/शौचालय की व्यवस्था, आपदा प्रबंधन, चिकित्सा व्यवस्था, अग्निशमन, भीड़ प्रबंधन, पब्लिक ऐड्रेस सिस्टम, विधि-व्यवस्था संधारण, साइनेज एवं अन्य बिन्दुओं पर एक-एक कर विस्तृृत समीक्षा की। उन्होंने फकुली मोड़ से बाबा गरीब नाथ मंदिर तक श्रद्धालुओं के आने-जाने वाले पूरे मार्ग एवं स्थलों को सुविधायुक्त बनाने का निर्देश दिया।

ज़िलाधिकारी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निदेश देते हुए कहा कि विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों को टीम भावना से काम करना होगा। राजस्व, भवन निर्माण, नगर निगम, स्वास्थ्य, आपदा प्रबंधन, पीएचईडी, पथ निर्माण, एनएचएआई, पुलिस, प्रशासन, कला एवं संस्कृति, विद्युत, अग्निशमन, बुडको सहित सभी संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को आपस में समन्वय स्थापित करते हुए तत्परता एवं उत्कृष्टतापूर्वक अपने दायित्वों का निर्वहन करना होगा।
जिलाधिकारी ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु सभी भागीदार(स्टेकहोल्डर्स) आपस में समन्वय कर समय से सभी कार्य करें।
जिलाधिकारी ने निदेश दिया कि श्रद्धालुओं सहित आम लोगों की सुरक्षा एवं सुविधा हर हाल में सुनिश्चित करें। उन्होंने अनुमंडल पदाधिकारियों एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों को इसका लगातार पर्यवेक्षण करने का निर्देश दिया।
ज़िलाधिकारी ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सम्पूर्ण प्रशासनिक तंत्र सजग, तत्पर एवं प्रतिबद्ध है। श्रद्धालुओं के लिए सभी बुनियादी सुविधाएँ उपलब्ध रहेगी। शौचालय, स्वच्छ पेयजल की सुविधा, ठहराव स्थल, पार्किंग की बेहतर सुविधा रहेगी। टेंट सिटी का निर्माण किया जा रहा है।सड़क की अच्छी स्थिति सुनिश्चित की जाएगी। वाच टावर, नियंत्रण कक्ष, ध्वनि विस्तारक यंत्र एवं सीसीटीवी कैमरा का अधिष्ठापन किया जा रहा है।

जिलाधिकारी ने कहा कि सफाई की उतम सुविधा रहेगी। लगभग 15 जगहों पर तोरण द्वार स्थापित किया जाएगा। उत्कृष्ट प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। बैरिकेडिंग/ड्रॉप गेट की व्यवस्था रहेगी। उन्होंने विद्युत कार्यपालक अभियंताओं को पथ में अवस्थित विद्युत तारों को व्यवस्थित करने का निदेश दिया।
जिलाधिकारी ने भवन निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता को सुदृढ़ बैरिकेडिंग सुनिश्चित करने का निदेश दिया। पीएचईडी के कार्यपालक अभियंता को शौचालय, चापाकल एवं यूरिनल की समुचित व्यवस्था करने का निदेश दिया गया।
जिलाधिकारी ने कहा कि आईसीसीसी एवं सीसीटीवी कैमरे से निगरानी रखी जाएगी तथा अचूक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विभिन्न स्थानों पर साईनेज लगा रहेगा। नगर निकायों एवं विद्युत विभाग द्वारा प्रकाश की समुचित व्यवस्था की जाएगी। सिविल सर्जन द्वारा पर्याप्त संख्या में एम्बुलेंस, पारा मेडिकल स्टाफ तथा चिकित्सकों की प्रतिनियुक्ति की जाएगी। आपदा प्रबंधन कोषांग द्वारा पाँच स्थानों पर एसडीआरएफ की प्रतिनियुक्ति की गयी है। यातायात पुलिस द्वारा प्रेशर प्वाइंट को चिन्हित कर आवश्यक प्रतिनियुक्ति की जाएगी तथा यातायात प्रबंधन से संबंधित सूचना पब्लिक डोमेन में प्रकाशित की जाएगी।
ज़िलाधिकारी ने निदेश देते हुए कहा कि मेला के समय भीड़ प्रबंधन पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि इस अवसर पर भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था एवं यातायात संचालन हेतु मानकों के अनुरूप दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की जाए।
ज़िलाधिकारी ने कहा कि किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए पूरा तंत्र सजग एवं सतर्क रहे। आकस्मिक प्लान तैयार कर उसका पालन सुनिश्चित करे।
