
रोह प्रखंड अंतर्गत शिऊर पंचायत स्थित राजकीय उच्च विद्यालय में मंगलवार को अग्नि सुरक्षा को लेकर मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। इसका उद्देश्य छात्रों और शिक्षकों को आग लगने की स्थिति में बचाव के तरीकों से अवगत कराना था।
मॉक ड्रिल में प्रधान अग्नि राकेश कुमार, अग्नि चालक मोनू कुमार, अग्निक उत्तम कुमार और अग्निक पंकज कुमार उपस्थित रहे। अग्निशमन दल ने विद्यालय परिसर में आग लगने की काल्पनिक स्थिति बनाकर उसे बुझाने का लाइव प्रदर्शन किया।

इस दौरान कर्मियों ने छात्रों को आग लगने के कारण, उससे बचाव के उपाय और फायर एक्सटिंग्विशर का सही तरीके से इस्तेमाल करने की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आग लगने पर घबराएं नहीं, तुरंत 101 नंबर पर सूचना दें और सुरक्षित स्थान पर जाएं। गीले कपड़े से मुंह और नाक ढककर धुएं वाले क्षेत्र से बाहर निकलें।
विद्यालय के प्रधानाध्यापक ने अग्निशमन दल का आभार व्यक्त किया और कहा कि इस तरह की मॉक ड्रिल से बच्चों में आपदा के प्रति जागरूकता बढ़ेगी। कार्यक्रम में विद्यालय के सभी शिक्षक, शिक्षिकाएं और सैकड़ों छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
