
बार एसोसिएशन के साथ बैठक कर DLSA सचिव ने मांगा सहयोग
शिवहर।
चेक बाउंस के लंबित मामलों के त्वरित निपटारे के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकार, शिवहर द्वारा 18 जुलाई 2026 को स्पेशल लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। इस अदालत को सफल बनाने को लेकर बुधवार को एडीआर भवन में डालसा सचिव ललन कुमार रजक ने बार एसोसिएशन के चेयरमैन और सचिव के साथ बैठक की।
बैठक में सचिव श्री रजक ने बताया कि राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण और बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देश पर यह स्पेशल लोक अदालत लगाई जा रही है। इसका मुख्य उद्देश्य नेगोशिएबल इंस्ट्रूमेंट्स एक्ट 1881 की धारा 138 यानी चेक बाउंस से संबंधित मामलों का आपसी सहमति और सुलह के आधार पर निपटारा करना है।
उन्होंने कहा कि लोक अदालत के माध्यम से लोग बिना लंबी तारीखों के, बिना अतिरिक्त खर्च के और सौहार्दपूर्ण तरीके से अपना विवाद खत्म कर सकते हैं। इससे समय, पैसा और श्रम तीनों की बचत होगी।
-अधिवक्ताओं से सहयोग की अपील
डालसा सचिव ने बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों और अधिवक्ताओं से अनुरोध किया कि वे अपने पास लंबित धारा 138 के मामलों को चिन्हित करें और पक्षकारों को लोक अदालत में उपस्थित होकर समझौता करने के लिए प्रेरित करें।
बैठक में मामलों के चिन्हीकरण, पक्षकारों की उपस्थिति सुनिश्चित करने और अदालत के सुचारू संचालन पर विस्तार से चर्चा हुई।
बार एसोसिएशन के चेयरमैन और सचिव ने डालसा को पूरा सहयोग देने का भरोसा दिलाया। उन्होंने सभी अधिवक्ताओं से इस विशेष अभियान को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील भी की।
जिला विधिक सेवा प्राधिकार ने सभी वादकारियों और अधिवक्ताओं से अपील की है कि वे 18 जुलाई को लगने वाली स्पेशल लोक अदालत में भाग लें और अपने चेक बाउंस से जुड़े विवादों का आपसी समझौते के जरिए स्थायी समाधान कराएं।
