
मोतिहारी, राजन द्विवेदी।
मोदी सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में चल रही ‘प्रगति पथ यात्रा’ के तहत पूर्व केंद्रीय कृषि मंत्री और सांसद राधा मोहन सिंह ने गुरुवार को मोतिहारी के बथना स्थित मदर डेयरी प्रोसेसिंग प्लांट का अवलोकन किया।
निरीक्षण के दौरान श्री सिंह ने कहा कि 2 लाख लीटर प्रतिदिन दूध प्रसंस्करण क्षमता वाले इस प्लांट से पूर्वी चंपारण और आसपास के जिलों के लगभग 66 हजार दुग्ध उत्पादक किसान जुड़े हुए हैं। किसानों को हर महीने 3, 13 और 23 तारीख को लगभग 26 करोड़ रुपये का भुगतान सीधे उनके बैंक खाते में किया जाता है।
उन्होंने बताया कि 150 करोड़ रुपये की लागत से प्लांट का विस्तार और आधुनिकीकरण का काम चल रहा है। मौजूदा परिसर के साथ अतिरिक्त जमीन का भी इस्तेमाल किया जा रहा है, ताकि नई मशीनरी और उत्पादन लाइनें लग सकें। इससे क्षमता और बढ़ेगी।
सांसद ने कहा कि यह अत्याधुनिक डेयरी प्लांट लाखों दुग्ध उत्पादक किसानों के लिए समृद्धि और आत्मनिर्भरता का नया रास्ता खोल रहा है। आधुनिक तकनीक से लैस यह इकाई दूध संग्रहण, प्रसंस्करण और विपणन की मजबूत व्यवस्था के जरिए किसानों को उनकी उपज का सही मूल्य दिलाने में मदद कर रही है।
“प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 साल में कृषि और पशुपालन आधारित अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए कई कदम उठाए गए। बथना का मदर डेयरी प्लांट ग्रामीण डेयरी अवसंरचना, महिला सशक्तिकरण और रोजगार सृजन का उदाहरण है। यह श्वेत क्रांति को नई गति दे रहा है और किसानों की मेहनत को बाजार से जोड़ रहा है,” श्री सिंह ने कहा।
कार्यक्रम में कल्याणपुर विधायक सचिंद्र प्रसाद सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष पवन राज सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे।
