
मुजफ्फरपुर, 03 अगस्त 2026
जिला पदाधिकारी, मुजफ्फरपुर श्री कुमार गौरव की अध्यक्षता में टीबी मुक्त भारत अभियान (National TB Elimination Programme – NTEP) की प्रगति की विस्तृत समीक्षा बैठक समाहरणालय सभागार में आयोजित की गई। बैठक में अभियान की वर्तमान स्थिति, टीबी मरीजों की स्क्रीनिंग, उपचार, पोषण सहायता तथा अन्य संबंधित बिंदुओं की गहन समीक्षा की गई।
समीक्षा के दौरान बताया गया कि जिले में अब तक 11,66,615 व्यक्तियों की टीबी स्क्रीनिंग की जा चुकी है। जिलाधिकारी ने इस उपलब्धि की सराहना करते हुए अभियान को और अधिक प्रभावी एवं परिणामोन्मुख बनाने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी ने सभी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि वे अपने नेतृत्व में टीबी मरीजों की नियमित पहचान, आवश्यक स्वास्थ्य जांच, उपचार की सतत निगरानी तथा मरीजों की पोषण एवं अन्य आवश्यक जरूरतों का आकलन सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि प्रत्येक संभावित एवं चिन्हित मरीज को समय पर गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
बैठक में जिलाधिकारी ने सिविल सर्जन, मुजफ्फरपुर को निर्देश दिया कि टीबी मुक्त भारत अभियान की नियमित मॉनिटरिंग, प्रखंडवार समीक्षा एवं निर्धारित लक्ष्यों की सतत निगरानी सुनिश्चित करें, ताकि अभियान को मिशन मोड में संचालित करते हुए जिले को टीबी मुक्त बनाने के लक्ष्य की प्राप्ति की जा सके।
जिलाधिकारी ने टीबी मरीजों के बीच फूड बास्केट के नियमित वितरण पर विशेष बल देते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी पात्र मरीजों को निर्धारित मानकों के अनुसार समय पर पोषण सहायता उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि टीबी के सफल उपचार में दवाओं के साथ-साथ संतुलित एवं पौष्टिक आहार की महत्वपूर्ण भूमिका होती है, इसलिए किसी भी मरीज को पोषण सहायता से वंचित नहीं रहने दिया जाए।
बैठक को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि राज्य सरकार एवं स्वास्थ्य विभाग की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक समयबद्ध, पारदर्शी एवं प्रभावी ढंग से पहुंचाना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप पूर्ण गंभीरता, संवेदनशीलता एवं उत्तरदायित्व के साथ कार्य करते हुए टीबी मुक्त भारत अभियान को जन-आंदोलन का स्वरूप दें।
बैठक में सिविल सर्जन सहित स्वास्थ्य विभाग के जिला एवं प्रखंड स्तरीय संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।
