
मोतिहारी, राजन द्विवेदी।
पुलिसकर्मियों को खाना बनाने की झंझट से मुक्ति देने के लिए एसपी स्वर्ण प्रभात ने जिले के सभी थानों में मेस शुरू करने का आदेश दिया है।
एसपी ने कहा कि पुलिसकर्मी 24 घंटे ड्यूटी पर रहते हैं। घटना की सूचना पर दिन-रात का फर्क मिट जाता है। ऐसे में उनके पास खुद खाना बनाने का समय नहीं बचता। मेस शुरू होने से समय बचेगा और पुलिसिंग की गुणवत्ता बेहतर होगी।
– किनके लिए व्यवस्था
यह सुविधा मुख्य रूप से उन जवानों और अधिकारियों के लिए है जो थाने या बैरक में अकेले रहते हैं। जो पुलिसकर्मी परिवार के साथ थाने के पास रहते हैं, उन्हें मेस से छूट होगी। वे चाहें तो घर का खाना खा सकते हैं।
– क्या मिलेगा मेस में
सभी थानों में सुबह का नाश्ता, दोपहर और रात का खाना तय मेन्यू के अनुसार मिलेगा। साफ-सफाई और खाने की गुणवत्ता पर खास ध्यान रहेगा। हर थाने में एक मेस इंचार्ज तैनात होगा जो व्यवस्था देखेगा। इसका सबसे ज्यादा फायदा दूर-दराज से आकर ड्यूटी करने वाले सिपाहियों को मिलेगा।
एसपी ने कहा कि समय पर भोजन नहीं मिलने से ड्यूटी में परेशानी होती थी और मनोबल पर असर पड़ता था। मेस की सुविधा से जवान निश्चिंत होकर ड्यूटी कर पाएंगे।
