चंपारण की खबर::सांस्कृतिक रंगों से सराबोर रहा मेहसी, देर रात तक झूमते रहे दर्शक

Breaking news News बिहार मनोरंजन

मोतिहारी।

पूर्वी चंपारण जिले के मेहसी में 18 वें लीचीपुरम उत्सव का आगाज सोमवार को ऐतिहासिक तिरहुत उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परिसर में सांस्कृतिक गरिमा के साथ हुआ। सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री राधामोहन सिंह, विधायक श्याम बाबू यादव, समिति अध्यक्ष अरविंद गुप्ता और मुख्य पार्षद नीतू गुप्ता ने दीप प्रज्ज्वलित कर उत्सव का उद्घाटन किया। अवसर पर प्रकाशित स्मारिका का विमोचन भी गणमान्य अतिथियों ने किया।

उद्घाटन के बाद शुरू हुए रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम ने हजारों दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। भोजपुरी गायिका इंदु सोनाली ने मंच संभालते ही माहौल संगीतमय कर दिया। “हम तोहरा पिरितिया में दिल देके लुटा देहली”, “खाई के मगहिया पान ए राजा”, “पनिया के जहाज से पलटनिया” और “चार दिनों की लंबी जुदाई” जैसे गीतों पर पूरा परिसर तालियों से गूंज उठा। युवाओं से लेकर बुजुर्ग तक उनके गीतों पर झूमते नजर आए।

लोकगायक नरेश चंचल ने लीची और भक्ति पर आधारित गीतों से मेहसी की कृषि विरासत को मंच पर जीवंत किया। गुंजा गुलशन की मधुर प्रस्तुतियों और युवा गायक साहिल राज के “सावन के झूलों ने मुझको झुलाया” ने श्रोताओं को भावनाओं में डुबो दिया। हास्य-व्यंग्य कलाकार सुनील सारंग की चुटीली प्रस्तुतियों ने देर रात तक ठहाके लगवाए।

द वन डांस एकेडमी, चकिया के बच्चों और तिरहुत विद्यालय के छात्र-छात्राओं के समूह नृत्यों ने चार चांद लगा दिए। देशभक्ति और लोकसंस्कृति पर आधारित मनोहारी प्रस्तुतियों को दर्शकों ने खूब सराहा। रंग-बिरंगी वेशभूषा और सधे कदमों ने सबका दिल जीत लिया।

साढ़े बारह बजे रात तक चला यह महोत्सव कला प्रेमियों के लिए यादगार बन गया। आयोजन को लीचीपुरम उत्सव समिति के महासचिव सुधिष्ट नारायण ठाकुर के नेतृत्व में पूरी टीम ने सफल बनाया। लीची की मिठास और लोकसंस्कृति की सुगंध से सजा उत्सव मेहसी की पहचान को नई ऊंचाई दे गया।