चंपारण की खबर::हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल से मिले एमजीसीयू के कुलपति

Breaking news News बिहार

– राज्य विश्वविद्यालयों के साथ शैक्षणिक सहयोग पर हुई सार्थक चर्चा

मोतिहारी, राजन द्विवेदी।

महात्मा गांधी केंद्रीय विश्वविद्यालय, बिहार के कुलपति प्रो. संजय श्रीवास्तव ने हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल  कविंदर गुप्ता से शिष्टाचार भेंट कर उच्च शिक्षा, अनुसंधान तथा अंतर-विश्वविद्यालयीय सहयोग को सुदृढ़ बनाने के विभिन्न आयामों पर विस्तृत चर्चा की। इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश के राज्य विश्वविद्यालयों एवं महात्मा गांधी केंद्रीय विश्वविद्यालय के मध्य संभावित शैक्षणिक एवं शोध सहयोग की संभावनाओं पर विचार-विमर्श किया गया।

बैठक के दौरान कुलपति प्रो. संजय श्रीवास्तव ने महात्मा गांधी केंद्रीय विश्वविद्यालय की शैक्षणिक उपलब्धियों, अनुसंधान गतिविधियों, नवाचार, कौशल विकास, उद्यमिता संवर्धन तथा सामुदायिक सहभागिता से संबंधित विभिन्न पहलों की जानकारी राज्यपाल को प्रदान की। उन्होंने विश्वविद्यालय की राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप बहुविषयक शिक्षा, अनुसंधान उत्कृष्टता तथा ज्ञान साझेदारी को बढ़ावा देने की प्रतिबद्धता को भी रेखांकित किया।

चर्चा के दौरान दोनों पक्षों ने छात्र एवं शिक्षक विनिमय कार्यक्रम, संयुक्त शोध परियोजनाओं, राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठियों, संकाय विकास कार्यक्रमों, नवाचार एवं स्टार्टअप गतिविधियों तथा ज्ञान एवं संसाधनों के आदान-प्रदान जैसे विषयों पर सहयोग की संभावनाओं पर विचार किया। यह भी सहमति व्यक्त की गई कि इस प्रकार की शैक्षणिक साझेदारियाँ न केवल संस्थानों के मध्य सहयोग को सुदृढ़ करेंगी, बल्कि विद्यार्थियों एवं शोधार्थियों को भी व्यापक अवसर उपलब्ध कराएंगी।

कुलपति प्रो. संजय श्रीवास्तव ने कहा कि विभिन्न राज्यों के विश्वविद्यालयों के मध्य सहयोगात्मक प्रयास भारतीय उच्च शिक्षा व्यवस्था को और अधिक सशक्त, समावेशी तथा वैश्विक प्रतिस्पर्धा के अनुरूप बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि हिमाचल प्रदेश के विश्वविद्यालयों के साथ प्रस्तावित सहयोग शिक्षा एवं अनुसंधान के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित करेगा।
राज्यपाल कविंदर गुप्ता ने महात्मा गांधी केंद्रीय विश्वविद्यालय ने शिक्षा, अनुसंधान और नवाचार के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों की सराहना की तथा विश्वविद्यालयों के बीच संवाद, सहयोग और ज्ञान-साझेदारी को समय की आवश्यकता बताया। उन्होंने युवाओं के सर्वांगीण विकास तथा राष्ट्र निर्माण में उच्च शिक्षण संस्थानों की भूमिका को अत्यंत महत्वपूर्ण बताया।

यह बैठक महात्मा गांधी केंद्रीय विश्वविद्यालय द्वारा देशभर के प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थानों के साथ सहयोगात्मक संबंध स्थापित करने की दिशा में किए जा रहे सतत प्रयासों का एक महत्वपूर्ण चरण है। कुलपति प्रो. संजय श्रीवास्तव के नेतृत्व में विश्वविद्यालय राष्ट्रीय स्तर पर शैक्षणिक उत्कृष्टता, अनुसंधान सहयोग और नवाचार आधारित विकास को बढ़ावा देने हेतु निरंतर प्रयासरत है।
इस भेंटवार्ता से भविष्य में महात्मा गांधी केंद्रीय विश्वविद्यालय एवं हिमाचल प्रदेश के विभिन्न विश्वविद्यालयों के मध्य ठोस शैक्षणिक सहयोग का मार्ग प्रशस्त होने की उम्मीद है, जिससे दोनों राज्यों के विद्यार्थियों, शोधार्थियों एवं शिक्षकों को व्यापक लाभ प्राप्त होगा।