
- छौड़ादानो प्रखंड में सहयोग शिविर के प्रभावी संचालन को लेकर दिए निर्देश
मोतिहारी, राजन द्विवेदी।
जिले के छौड़ादानो प्रखंड कार्यालय में “सहयोग शिविर” के प्रभावी संचालन एवं प्राप्त जन-शिकायतों व आवेदनों के त्वरित निष्पादन की समीक्षा के लिए एक महत्वपूर्ण बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता नोडल पदाधिकारी सह जिला भू-अर्जन पदाधिकारी अरुण कुमार ने की ।
बैठक में प्रखंड विकास पदाधिकारी, थाना प्रभारी, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी, विद्युत विभाग, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग, शिक्षा विभाग, कृषि विभाग, जीविका, मनरेगा, कल्याण विभाग, श्रम विभाग सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में राज्य सरकार द्वारा संचालित “सहयोग शिविर” के उद्देश्य के अनुरूप आम नागरिकों की समस्याओं एवं शिकायतों के त्वरित, पारदर्शी एवं समयबद्ध निष्पादन पर विशेष बल दिया। समीक्षा के दौरान विभागवार प्राप्त आवेदनों, उनके निष्पादन, लंबित मामलों एवं लंबित रहने के कारणों की विस्तृत समीक्षा की गई।
राजस्व एवं भूमि विवाद से संबंधित मामलों के शीघ्र निष्पादन हेतु अंचल एवं पुलिस प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने का निर्देश दिया। शिविर में प्राप्त सभी आवेदनों का अनिवार्य रूप से पंजीकरण एवं पोर्टल पर अपलोड सुनिश्चित करने का निर्देश भी दिया।
यह निर्देश दिया कि सभी विभागीय पदाधिकारी शिविर में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें।
लंबित मामलों का समय सीमा के भीतर निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।
जन शिकायतों का निष्पादन केवल कागजी न होकर वास्तविक एवं संतोषजनक हो।
शिविर में प्राप्त शिकायतों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए।
संवेदनशील मामलों में पुलिस एवं राजस्व विभाग संयुक्त रूप से कार्रवाई करें।
समीक्षा के दौरान अधिकारियों को निर्देशित किया कि आम नागरिकों के साथ संवेदनशील एवं जवाबदेह व्यवहार सुनिश्चित करें तथा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी शिविर के माध्यम से लोगों तक पहुंचाई जाए।
बैठक में सभी विभागों को अगले सहयोग शिविर से पूर्व लंबित मामलों में उल्लेखनीय प्रगति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
इसी क्रम में भेलवा एवं महुआवा पंचायत में आयोजित सहयोग शिविर का निरीक्षण भी किया। वहां उपस्थित लोगों से फीडबैक प्राप्त किया। लोगों ने शिविर के संचालन पर संतोष व्यक्त किया। कई मामलों में कैंप में ही उनके परिवाद का निवारण भी किया जा रहा है, जैसे पेंशन से संबंधित समस्या, ई-केवाईसी, जॉब कार्ड बनाना इत्यादि।
