
जहानाबाद (बिहार) से ब्यूरो चीफ मनोहर सिंह का रिपोर्ट।
जहानाबाद -जिला पदाधिकारी सह अध्यक्ष, जिला गंगा समिति, के आदेशानुसार जिले के दरधा नदी को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने के उद्देश्य से निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
इस बात की जानकारी देते हुए बताया गया कि जिला गंगा समिति की बैठक में लिए गए निर्णय के आलोक में कार्यपालक पदाधिकारी, नगर परिषद को पत्र के माध्यम से निर्देशित किया गया कि प्रत्येक शनिवार को दरधा नदी के किनारों की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए। जिला पदाधिकारी ने बताई कि निर्देशानुसार वार्ड संख्या-18 स्थित मुख्य सड़क (पटना-गया मार्ग) जाफरगंज पुल के समीप संगम घाट सहित उन सभी वार्डों में, जहां से दरधा नदी गुजरती है, नदी किनारों की साफ-सफाई का कार्य कराया जाना है। उक्त निर्देश के अनुपालन में कार्यपालक पदाधिकारी, नगर परिषद द्वारा सफाई निरीक्षक रौशन कुमार को प्रत्येक शनिवार को सफाई कार्य सुनिश्चित करने हेतु आदेशित किया गया है।
नगर परिषद की टीम द्वारा प्रत्येक शनिवार इस विशेष सफाई अभियान की शुरुआत कर दी गई है, जिसके तहत नियमित रूप से नदी किनारों की सफाई की जा रही है।

इसी क्रम में आज वार्ड संख्या-18 स्थित दरधा नदी के किनारे विशेष सफाई अभियान चलाया गया। इस अभियान के अनुश्रवण हेतु जिला परियोजना पदाधिकारी, जिला गंगा समिति, अमित कुमार की उपस्थिति में नगर परिषद की टीम द्वारा साफ-सफाई कार्य किया गया।
सफाई अभियान के दौरान यह देखा गया कि नारियल पानी (डाभ) पीने के उपरांत दुकानदारों द्वारा बड़ी मात्रा में अपशिष्ट नदी किनारे फेंक दिया जाता है। इस पर संज्ञान लेते हुए जिला परियोजना पदाधिकारी, जिला गंगा समिति द्वारा संबंधित दुकानदारों को समझाया गया कि भविष्य में नदी किनारे कूड़ा-कचरा न फेंकें। बताते चलें नदी में कूड़ा कचरा न डालने को लेकर स्थानीय युवा एवं स्काउट गाइड के टीम के द्वारा लोगों को जन जागरूकता भी चलाया जा रहा है।

नगर परिषद की टीम द्वारा नदी किनारे साफ-सफाई की जा रही है। आम नागरिकों से भी अपील की गई है कि वे इस अभियान में सहयोग करें तथा नदी किनारों को स्वच्छ एवं सुरक्षित बनाए रखने में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें।
