विजयोत्सव पर याद किए गए महानायक वीर कुंवर सिंह, शौर्य गाथा पर हुई विस्तृत चर्चा

Breaking news News बिहार

रक्सौल, प्रतिनिधि।

भारत विकास परिषद, शाखा रक्सौल के तत्वावधान में आज शहर के कोईरिया टोला स्थित शिवनारायण निवास में 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम के महानायक वीर कुंवर सिंह का 168 वां विजयोत्सव सम्मान और राष्ट्रभक्ति भाव के साथ मनाया गया। इस अवसर पर उनके अद्वितीय शौर्य, साहस, पराक्रम और देशभक्ति पर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम का संयोजन संस्कार संयोजक नीतेश कुमार सिंह ने किया, जबकि अध्यक्षता शाखा अध्यक्ष रजनीश प्रियदर्शी ने की। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन, ‘वंदे मातरम्’ के सामूहिक गायन तथा वीर कुंवर सिंह के तैलचित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। उपस्थित सदस्यों ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके जीवन और संघर्षों को स्मरण किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे रजनीश प्रियदर्शी ने कहा कि वीर कुंवर सिंह केवल बिहार ही नहीं, बल्कि पूरे देश के गौरव थे। उन्होंने 80 वर्ष की आयु में अंग्रेजी हुकूमत के विरुद्ध संघर्ष कर अदम्य साहस और वीरता का परिचय दिया। उन्होंने कहा कि उनका जीवन त्याग, बलिदान और राष्ट्रभक्ति की अनुपम मिसाल है। आज के युवाओं को उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।
वहीं सचिव नरेश कुमार एवं संस्कार संयोजक नीतेश कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से कहा कि वीर कुंवर सिंह का शौर्य, नेतृत्व क्षमता और देशभक्ति आने वाली पीढ़ियों को सदैव प्रेरित करता रहेगा। उन्होंने कहा कि ऐसे महापुरुषों के जीवन से समाज को नई दिशा मिलती है और राष्ट्रप्रेम की भावना मजबूत होती है।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने वीर कुंवर सिंह के जीवन प्रसंगों को साझा करते हुए कहा कि उन्होंने विपरीत परिस्थितियों में भी मातृभूमि की रक्षा के लिए संघर्ष किया और अंग्रेजों के खिलाफ स्वतंत्रता की मशाल जलाए रखी।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। इस अवसर पर वित्त सचिव सुनील कुमार, सुरेश धानोठिया, उमेश सिकारिया, अजय कुमार, विजय कुमार साह, विनोद कुमार (नारियल गद्दी), दिनेश प्रसाद, जीतेन्द्र चौरसिया, प्रशांत कुमार एवं मनोज कुमार सहित कई सदस्य उपस्थित रहे।
इस संबंध में जानकारी रक्सौल शाखा के सेवा संयोजक सह मीडिया प्रभारी बिमल कुमार सर्राफ ने दी।