जनसुराज को मिला युवा नेतृत्व, सुधीर गुप्ता बने प्रदेश युवा उपाध्यक्ष

Breaking news News बिहार राजनीति

शिवहर। जनसुराज संगठन ने युवा नेतृत्व को सशक्त करते हुए सुधीर गुप्ता को प्रदेश युवा उपाध्यक्ष की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। उनके इस चयन से कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह का माहौल है।
नवनियुक्त प्रदेश युवा उपाध्यक्ष सुधीर गुप्ता ने अपने वक्तव्य में कहा कि वे इस दायित्व का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी और संकल्प के साथ करेंगे। उन्होंने कहा कि उनका प्रयास रहेगा कि युवाओं की ऊर्जा, आकांक्षाओं और संघर्षों को जनसुराज के मंच से सशक्त आवाज़ मिले और उन्हें सकारात्मक दिशा प्रदान की जा सके।

उन्होंने इस अवसर के लिए जनसुराज के सभी वरिष्ठ पदाधिकारियों, प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती एवं जनसुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन के विश्वास को वे अपनी सबसे बड़ी ताकत मानते हैं।

सुधीर गुप्ता का राजनीतिक सफर संघर्ष और समर्पण की मिसाल माना जा रहा है। वे पहले शिवहर जिला जनसुराज के सचिव रह चुके हैं और उससे पहले एक सक्रिय समाजसेवी के रूप में पहचान बना चुके हैं। एक समय वे शिवहर के सबसे युवा समाजसेवियों में गिने जाते थे, जो जनसमस्याओं को लेकर सड़कों पर आंदोलन करने के लिए जाने जाते थे।

मिर्जापुर धोबही (शिवहर) के निवासी सुधीर गुप्ता ने बिना किसी राजनीतिक विरासत के अपने दम पर यह मुकाम हासिल किया है। सचिव पद से प्रदेश युवा उपाध्यक्ष तक का उनका सफर उन युवाओं के लिए प्रेरणादायक है, जो सेवा भाव से राजनीति में अपनी पहचान बनाना चाहते हैं।

उनके समर्थकों और क्षेत्रवासियों में इस बात की खुशी है कि अब उन्हें प्रदेश स्तर पर प्रतिनिधित्व मिला है। लोगों का मानना है कि सुधीर गुप्ता में असीम संभावनाएं हैं और अवसर मिलने पर वे क्षेत्र एवं संगठन के लिए कुछ नया और उल्लेखनीय कार्य कर सकते हैं।