
- डीएम एवं एसपी के निर्देश पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी
शिवहर ।
शिवहर जिले के डुमरी कटसरी प्रखंड क्षेत्र के दो पंचायतों श्यामपुर व जहांगीरपुर में पैक्स चुनाव कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शांतिपूर्ण ढंग से जारी है। सोमवार सुबह 7:00 बजे से मतदान की प्रक्रिया शुरू होते ही मतदाताओं में उत्साह देखने को मिला और बड़ी संख्या में लोग अपने-अपने मतदान केंद्रों पर पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं।
जिला पदाधिकारी प्रतिभा रानी और पुलिस अधीक्षक शुभांक मिश्रा के निर्देश पर सभी मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के व्यापक और पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील बूथों पर अतिरिक्त पुलिस बल एव प्रखंड विकास पदाधीकारी अरूण कुमार सिंह लगातार क्षेत्र में भ्रमण कर स्थिति का जायजा ले रहे हैं।
प्रशासन की ओर से मतदान प्रक्रिया को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और पारदर्शी बनाए रखने के लिए हर स्तर पर निगरानी रखी जा रही है।
मतदान केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ को रोकने के लिए भी विशेष इंतजाम किए गए हैं।
ग्रामीण क्षेत्रों में भी चुनाव को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है। पुरुषों के साथ-साथ महिला मतदाता भी बढ़-चढ़कर मतदान में भाग ले रही हैं। प्रशासन ने मतदाताओं से निर्भीक होकर मतदान करने की अपील की है।
