आयुष्मान आरोग्य सेवाओं को सशक्त बनाने हेतु सीएचओ का विशेष प्रशिक्षण संपन्न

Breaking news News बिहार स्वास्थ्य

मीनापुर के सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों के लिए दो दिवसीय रिफ्रेशर प्रशिक्षण आयोजित

-आयुष्मान आरोग्य मंदिर की 12 पैकेज सेवाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर दिया गया विशेष जोर

मुजफ्फरपुर। जिला स्वास्थ्य समिति, मुजफ्फरपुर के तत्वावधान में मीनापुर प्रखंड के चयनित 10 सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों (सीएचओ) के लिए बुधवार एवं गुरुवार को एक निजी होटल में दो दिवसीय रिफ्रेशर प्रशिक्षण का आयोजन किया गया। इस प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य आयुष्मान आरोग्य मंदिर में प्रदान की जाने वाली 12 पैकेज सेवाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करना था।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को इन सेवाओं के बेहतर क्रियान्वयन, गुणवत्ता सुधार एवं समुदाय स्तर पर स्वास्थ्य सेवाओं की सुदृढ़ आपूर्ति के लिए आवश्यक तकनीकी जानकारी प्रदान की गई। साथ ही, उन्हें यह भी बताया गया कि किस प्रकार इन सेवाओं के माध्यम से आम जनता को समग्र एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकती हैं।
इस प्रशिक्षण का संचालन जपाईगो संस्था द्वारा किया गया, जिसमें विभिन्न विषय विशेषज्ञों ने भाग लेकर सीएचओ को विस्तृत एवं व्यवहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया। विशेषज्ञों ने सेवाओं के कार्यान्वयन से जुड़ी चुनौतियों और उनके समाधान पर भी विस्तार से चर्चा की।


कार्यक्रम के दौरान जिला कार्यक्रम प्रबंधक रेहान अशरफ ने उपस्थित प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए उन्हें प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि आयुष्मान आरोग्य मंदिर के माध्यम से समुदाय को सुलभ, समग्र एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना अत्यंत आवश्यक है, और 12 पैकेज सेवाओं का सफल क्रियान्वयन इसमें अहम भूमिका निभाता है।
प्रशिक्षण के अंत में प्रतिभागियों से फीडबैक प्राप्त किया गया तथा उन्हें अपने-अपने कार्यक्षेत्र में प्राप्त ज्ञान का प्रभावी उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम स्वास्थ्य सेवाओं को जमीनी स्तर पर और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित होगा।