
मोतिहारी, राजन द्विवेदी।
पूर्वी चंपारण जिले में खोए और चोरी हुए मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन मुस्कान’ के तहत मोतिहारी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने तकनीकी एवं वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए 118 मोबाइल फोन बरामद किए गए । जिनकी कुल अनुमानित कीमत करीब 22 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने बरामद मोबाइल उनके वास्तविक मालिकों को सौंपा। इनमें विद्यार्थी 15, गृहिणी 3, किसान 2, सरकारी कर्मी 10, व्यवसायी 18, प्राइवेट नौकरी करने वाले 6, वकील 1, प्रेस प्रतिनिधि 1 तथा अन्य 62 लोग शामिल हैं। मोबाइल वापस मिलने पर लोगों ने पुलिस का आभार व्यक्त किया।
मोतिहारी पुलिस के अनुसार, ‘ऑपरेशन मुस्कान’ के तहत अब तक कुल 19 चरणों में 1857 मोबाइल फोन बरामद किए जा चुके हैं। जिनकी कुल कीमत लगभग 3 करोड़ 60 लाख 61 हजार रुपये है। सभी मोबाइल उनके वास्तविक मालिकों को सौंपे जा चुके हैं। पुलिस ने बताया कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
मोबाइल बरामदगी में जिला आसूचना इकाई मोतिहारी के प्रभारी धर्म प्रकाश कुमार, निकुंज कुमार सिंह, ललन कुमार, निर्मला कुमारी सहित जिले के सभी थानाध्यक्षों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी का मोबाइल खो जाए या चोरी हो जाए तो वे पुलिस कंट्रोल रूम नंबर 9470248818 पर संपर्क करें या पोर्टल (www.ceir.gov.in) के माध्यम से ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराएं।
