चंपारण की खबर::मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना में आर्थिक सहायता राशि का वितरण, किया लाइव प्रसारण

Breaking news News बिहार
  • पूर्वी चंपारण में अब तक 902902 महिलाओं को मिले दस-दस हजार रुपए

मोतिहारी, राजन द्विवेदी।

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत आर्थिक सहायता के रूप में परिवार की एक महिला को अपनी पसंद के रोजगार के लिए 10,000 रूपये प्रथम किस्त की राशि का अंतरण कार्यक्रम किया गया।
इस योजना के तहत आज बिहार के कुल 25 लाख से अधिक महिलाओं को डीवीटी के माध्यम से कुल 2500 करोड़ की राशि का अंतरण किया गया है। इस कार्यक्रम का लाइव प्रसारण बिहार के सभी जिलों में किया गया है। इसी क्रम में पूर्वी चंपारण जिला के राजेंद्र भवन, मोतिहारी में भी इस कार्यक्रम का लाइव प्रसारण हुआ। जिसमें जिलाधिकारी एवं अन्य विभागों के पदाधिकारियो के साथ- साथ लगभग 500 की संख्या में जीविका दीदियां उपस्थिति रहीं। बता दें कि मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत बिहार के सभी पात्र परिवारों के एक महिला को रुपए 10,000 की राशि प्रथम किस्त के रूप में अंतरित की जा रही है, साथ ही उनके व्यवसाय को आगे बढ़ाने के लिए आगे चलकर 2,00,000 तक की अतिरिक्त सहायता दिए जाने का भी प्रावधान है।

इस योजना के तहत पूर्वी चम्पारण जिला में कुल 7,29,163 महिलाओं को कुल 729.16 करोड़ रूपये की राशि का अंतरण किया जा चूका है तथा आज के कार्यक्रम में कुल 1,73,739 महिलाओं को कुल 173.7 करोड़ रूपये की राशि भेजी गई है। इस प्रकार पूर्वी चंपारण जिला में अभी तक 902902 महिलाओं को यह राशि उपलब्ध कराई गई है। इस राशि को प्राप्त कर जिले में जीविका से जुड़ी हुई महिलाओं के परिवारों एवं अन्य महिलाओं में खुशी का माहौल है।