चंपारण की खबर::राजनीतिक कार्यकर्ताओं के लिए सोशल मीडिया माध्यम काफी उपयोगी है : राधामोहन सिंह

Breaking news News बिहार



मोतिहारी / राजन द्विवेदी।

भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय चंद्रहिया में सोशल मीडिया की एक कार्यशाला का आयोजन हुआ जिसकी अध्यक्षता जिला संयोजक पंकज सिन्हा ने किया।
कार्यशाला को संबोधित करते हुए सांसद पूर्व केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री राधा मोहन सिंह ने कहा कि समय के साथ, सोशल मीडिया संचार का एक बड़ा माध्यम बन गया है।
श्री सिंह ने कहा कि सोशल मीडिया के उपयोग से लोगों के जुड़ने और संवाद करने के तरीके में बड़े बदलाव आए हैं। सोशल मीडिया संवाद, सहयोग और जानकारी साझा करने का एक ऐसा सशक्त माध्यम है जिसका विस्तार असीमित है।
उन्होंने कहा कि राजनीतिक कार्यकर्ताओं के लिए यह माध्यम काफी उपयोगी है। आम जनता के बीच अपनी विचारधारा और कार्यों को व्यापक स्तर पर पहुंचाने के लिए सोशल मीडिया काफी उपयोगी है। हमारी पार्टी ने इस सशक्त माध्यम के साथ अपने कार्यकर्ताओं को जोड़ने पर खास ध्यान दिया है और लगातार इसके उपयोग के लिए प्रशिक्षित भी किया है। इस लिए आप कार्यकर्ताओं को विशेष तौर पर यह कहना चाहता हूं कि सोशल मीडिया का उपयोग मनोरंजन मात्र के लिए नहीं बल्कि अपनी विचारधारा, सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और पार्टी के मिशन को गति और आयाम देने के लिए करें।


कार्यशाला में विशेष तौर पर पधारे सोशल मीडिया के मध्य प्रदेश के प्रदेश संयोजक, अभिषेक शर्मा उपस्थित रहे। श्री शर्मा ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि
सोशल मीडिया नागरिकों से सीधे संवाद करने का एक जरूरी माध्यम है। इसका सकारात्मक उयोग आपके किये गए कार्यों का अपेक्षित परिणाम दिलवा सकता है।
उन्होंने कहा कि चुनाव के समय मतदाताओं को लामबंद करने के साथ पूरे माहौल को बदलने और प्रभावित करने में सोशल मीडिया एक धारदार उपकरण साबित हो सकता है। इसलिए इसका समयानुकूल उचित उपयोग का हुनर सीखना नितांत आवश्यक है।
सोशल मीडिया प्रदेश सह संयोजक सोमेश पांडेय, क्षेत्रीय प्रभारी सत्य प्रकाश भास्कर, पूर्व जिलाध्यक्ष प्रकाश अस्थाना सहित बड़ी संख्या में मोतिहारी संगठन जिला के सभी मंडलों के सोशल मीडिया के दायित्वधारी उपस्थित थे।
धन्यवाद ज्ञापन भाजपा जिलाध्यक्ष पवन राज और मंच संचालक आईटी सेल के जिला संयोजक ऋषभ झा ने किया।