
जहानाबाद – मखदुमपुर से विकाश कुमार की रिपोर्ट।
जहानाबाद, 05 अगस्त 2026। बिहार सरकार द्वारा प्रस्तावित विश्वविद्यालय अधिनियम–2026 के विरोध में बिहार विश्वविद्यालय एवं महाविद्यालय शिक्षक एवं शिक्षकेतर कर्मचारी संयुक्त मोर्चा के आह्वान पर आज स्थानीय सत्येंद्र नारायण सिन्हा महाविद्यालय, जहानाबाद के सभी शिक्षक एवं शिक्षकेतर कर्मियों ने काला बिल्ला लगाकर अपने नियमित कार्यों का निष्पादन करते हुए विरोध दर्ज कराया।
महाविद्यालय के शिक्षक एवं शिक्षकेतर कर्मियों ने कहा कि प्रस्तावित विश्वविद्यालय अधिनियम–2026 के विभिन्न प्रावधान विश्वविद्यालयों की स्वायत्तता, उच्च शिक्षा की गरिमा तथा शिक्षक एवं शिक्षकेतर कर्मचारियों के हितों को प्रभावित करने वाले हैं। इसी के विरोध में संयुक्त मोर्चा द्वारा चरणबद्ध आंदोलन का आह्वान किया गया है।
आंदोलन के प्रथम चरण के तहत 05 से 08 अगस्त 2026 तक विश्वविद्यालयों एवं महाविद्यालयों के शिक्षक एवं शिक्षकेतर कर्मचारी काला बिल्ला लगाकर अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए विरोध दर्ज कराएंगे। इसी क्रम में आज सत्येंद्र नारायण सिन्हा महाविद्यालय के शिक्षक एवं शिक्षकेतर कर्मियों ने एकजुटता प्रदर्शित करते हुए काला बिल्ला लगाकर कार्य किया।
संयुक्त मोर्चा द्वारा घोषित आंदोलन के अगले चरण में 10 अगस्त 2026 को सामूहिक अवकाश पर रहते हुए विश्वविद्यालय मुख्यालय पर धरना-प्रदर्शन एवं ज्ञापन सौंपने तथा 11 से 25 अगस्त 2026 तक प्रतिदिन अपराह्न 1:30 बजे से 2:00 बजे तक विरोध-प्रदर्शन एवं घंटी बजाओ अभियान चलाने का निर्णय लिया गया है। इसके अतिरिक्त 05 सितंबर 2026 (शिक्षक दिवस) को विद्यार्थियों एवं अभिभावकों के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
इस अवसर पर महाविद्यालय के शिक्षक एवं शिक्षकेतर कर्मियों ने कहा कि यह आंदोलन विश्वविद्यालयों की स्वायत्तता, शिक्षा की रक्षा, महाविद्यालयों की गरिमा तथा शिक्षक एवं कर्मचारियों के अधिकारों की सुरक्षा के उद्देश्य से किया जा रहा है। उन्होंने राज्य सरकार से प्रस्तावित अधिनियम के आपत्तिजनक प्रावधानों पर पुनर्विचार करते हुए शिक्षक एवं शिक्षकेतर कर्मचारी संगठनों से सार्थक संवाद स्थापित करने की मांग की।
सत्येंद्र नारायण सिन्हा महाविद्यालय शिक्षक एवं शिक्षकेतर कर्मचारी संघ
(संयुक्त तत्वावधान में)
