
मोतिहारी, राजन द्विवेदी।
पूर्वी चंपारण पुलिस ने जिले में चल रहे संगीन मामलों के 13 वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए इनाम की घोषणा की है। पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने आज 04 जुलाई 26 को बयान जारी कर कुल 38,000 रुपये के इनाम की घोषणा की है।
– आखिर क्यों करनी पड़ी इनाम की घोषणा?
पुलिस अधीक्षक के अनुसार जिले में लूट, डकैती, हत्या, दहेज, आर्म्स एक्ट और शराब माफिया जैसे मामलों में ये आरोपी लंबे समय से फरार चल रहे हैं। कई बार छापेमारी के बाद भी पुलिस के हाथ नहीं लग पाए। अपराधियों की गिरफ्तारी तेज करने और आम जनता से सूचना लेने के लिए एसपी ने इनाम घोषित करने का फैसला लिया है।
– इन अपराधों में वांछित हैं आरोपी
सूची में लूट के 3, शराब तस्करी के 3, हत्या के 3, उत्पाद के 2, एनडीपीएस एक्ट और चोरी के 1-1 आरोपी शामिल हैं। सबसे ज्यादा 5000 रुपये का इनाम हत्या के आरोपी सुजय पाण्डेय पर है।
कुछ प्रमुख नाम और इनाम की राशि:
– सुजय पाण्डेय- निवासी बंगरी, थाना पिपरा कोठी। मामला: हत्या। इनाम: 5000 रुपये है।
– सरोज कुमार, अवधेश भगत, परवेज खान, मनोज पासवान, संजय साह। इन सभी पर हत्या, NDPS, चोरी और उत्पाद के मामले में 3000-3000 रुपये का इनाम।
– देवेन्द्र सहनी, संजीत कुमार, आकाश साह- राधुनाथपुर थाना में उत्पाद मामले में वांछित। इनाम: 2000-2000 रुपये ।
– एसपी ने की अपील
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि इन आरोपियों के बारे में कोई भी जानकारी हो तो तुरंत पुलिस अधीक्षक के नंबर 9031827100 पर सूचना दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी और सही सूचना पर इनाम दिया जाएगा
पुलिस का कहना है कि इनाम की घोषणा का मकसद अपराधियों पर दबाव बनाना और जल्द से जल्द उनकी गिरफ्तारी कर जिले में कानून व्यवस्था मजबूत करना है।
