
मुजफ्फरपुर,
22 जून 2026:
12 वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को सिकंदरपुर स्थित खेल भवन- सह-
व्यायामशाला के प्रथम तल पर भव्य सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पूर्वाह्न ठीक 6 बजे शुरू हुए इस कार्यक्रम में जिले के सैकड़ों लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप मे माननीय मंत्री, वस्त्र मंत्रालय, भारत सरकार श्री गिरिराज सिंह शामिल हुए। उनके आगमन पर जिला पदाधिकारी श्री सुब्रत कुमार सेन ने पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया। मंच का संचालन श्री गोपाल फलक ने किया। स्वागत संबोधन में जिलाधिकारी श्री सुब्रत कुमार सेन ने मानव जीवन में योगाभ्यास के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा, "भागदौड़ भरी जिंदगी, तनाव और अनियमित दिनचर्या ने हमें कई बीमारियों का शिकार बना दिया है। योग एक ऐसी प्राचीन पद्धति है जो तन और मन दोनों को स्वस्थ रखती है।" उन्होंने सभी नागरिकों से आह्वान किया कि वे स्वस्थ रहने के लिए योग को अपनी दैनिक क्रिया में अवश्य शामिल करें। डीएम ने कहा कि सिर्फ योग दिवस पर एक घंटे योग करना काफी नहीं है, इसे जीवन का हिस्सा बनाने की जरूरत है।
स्वास्थ्य के साथ रोजगार का भी सशक्त माध्यम है योग -माननीय मंत्री
मुख्य अतिथि माननीय मंत्री, श्री गिरिराज सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि “योगाभ्यास न केवल इस विशेष दिवस पर करने की जरूरत है बल्कि इस क्रिया को नियमित दैनिक दिनचर्या में शामिल कर स्वस्थ रहने का संकल्प लें।” मंत्री ने योग के आर्थिक पक्ष पर जोर देते हुए कहा कि “योग न केवल मानव स्वास्थ्य की सुरक्षा का सशक्त माध्यम है बल्कि रोजगार एवं आर्थिक उपार्जन का भी साधन बन रहा है। योग प्रशिक्षक, वेलनेस सेंटर, आयुष चिकित्सा, योग टूरिज्म से काफी युवाओं को रोजगार मिल रहा है।
श्री सिंह ने आगे कहा कि नियमित प्राणायाम और योग से इम्यूनिटी बढ़ती है, जो किसी भी महामारी से लड़ने में सहायक है। माननीय मंत्री ने कहा कि सिर्फ योग दिवस पर योग करना काफी नहीं है, बल्कि इसे नियमित दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने की आवश्यकता है। उन्होंने मुजफ्फरपुर वासियों से अपील की कि वे अपने घर-परिवार में बच्चों को भी योग सिखाएं।

एक घंटे तक चला योग सत्र, कई आसनों का अभ्यास
कार्यक्रम में प्रशिक्षक के रूप में प्रसिद्ध योग गुरु श्रीमती सोनम सिन्हा ने योग सत्र का संचालन करते हुए योग के प्रत्येक आसन के लाभ और सावधानियों की जानकारी दी।श्रीमती सोनम सिन्हा के निर्देशन में सभी प्रतिभागियों को कॉमन योग प्रोटोकॉल के तहत अभ्यास कराया गया। योग की शुरुआत हल्के आसन के अभ्यास से हुआ।प्राणायाम सत्र में *अनुलोम-विलोम, कपालभाति, भ्रामरी* का विशेष अभ्यास कराया गया। इसके बाद बैठकर किए जाने वाले आसनों में वज्रासन, मलासन, शशांकासन तथा खड़े होकर किए जाने वाले आसनों में *ताड़ासन, वृक्षासन, त्रिकोणासन* का अभ्यास कराया गया। इसके बाद *भुजंगासन, शलभासन* कराए गए। अंत में ध्यान और संकल्प के साथ सत्र का समापन हुआ। प्रशिक्षक ने बताया कि भ्रामरी प्राणायाम तनाव दूर करता है, जबकि कपालभाति से पेट के रोग दूर होते हैं। नियमित वृक्षासन से एकाग्रता बढ़ती है।
*उत्साह से भरा रहा माहौल*
खेल भवन का प्रथम तल योग प्रतिभागियों से खचाखच भरा था। सफेद टी-शर्ट और ट्रैक पैंट में आये युवाओं से लेकर 70 वर्ष के बुजुर्ग तक पूरे अनुशासन के साथ योग करते दिखे। कई स्कूली छात्र-छात्राओं ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कार्यक्रम स्थल पर “योग करें निरोग रहें” और “वसुधैव कुटुम्बकम के लिए योग” जैसे स्लोगन लिखे बैनर लगाए गए थे।
इस अवसर पर माननीय विधायक श्री रंजन कुमार, मा. मेयर श्रीमती निर्मला साहू, वरीय पुलिस अधीक्षक श्री कांतेश मिश्रा, उप विकास आयुक्त श्री श्रेष्ठ अनुपम, नगर आयुक्त श्री रितुराज प्रताप सिंह अनुमंडल पदाधिकारी पूर्वी श्री तुषार कुमार अनुमंडल पदाधिकारी पश्चिमी सुश्री आकांक्षा आनंद,अपर समाहर्ता राजस्व श्री प्रशांत कुमार, अपर समाहर्ता आपदा श्री शैलेश कुमार चौधरी सहित कई अन्य अधिकारी, जनप्रतिनिधि, स्कूली छात्र-छात्राएं, एनसीसी कैडेट्स, खिलाड़ी और बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे।
