
मुजफ्फरपुर में रविवार को अपराधियों ने बड़ी वारदात को अंजाम देते हुए पूर्व मेयर समीर कुमार और जमीन कारोबारी आशुतोष शाही हत्याकांड के मुख्य आरोपित गोविंद शर्मा उर्फ गोविंदा की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना शहर के अमर सिनेमा रोड स्थित छोटी कल्याणी इलाके के आइकॉन टावर में हुई, जहां गोविंद सीढ़ियां चढ़ रहा था। इसी दौरान पहले से घात लगाए बदमाशों ने उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। कई गोलियां लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
दिनदहाड़े हुई इस हत्या से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। दहशत के कारण आसपास की दुकानों के शटर गिर गए और लोग सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे। सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस, डीएसपी और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

गोविंद शर्मा का नाम पूर्व मेयर समीर कुमार और आशुतोष शाही हत्याकांड में प्रमुख आरोपित के रूप में सामने आया था। पुलिस प्रारंभिक जांच में गैंगवार और आपसी वर्चस्व की लड़ाई के एंगल से मामले की पड़ताल कर रही है। घटना के बाद पूरे शहर में अलर्ट जारी कर संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
