
– शिवहर जिला स्वास्थ्य विभाग की हुई समीक्षा बैठक, दिए निर्देश
शिवहर, प्रतिनिधि।
जिला पदाधिकारी प्रतिभा रानी की अध्यक्षता में आज जिला स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक हुई । बैठक में स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित विभिन्न कार्यक्रमों एवं योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान परिवार नियोजन, गैर-संचारी रोग कार्यक्रम, एनसीडी स्क्रीनिंग एवं री-स्क्रीनिंग की प्रगति की समीक्षा करते हुए जिला पदाधिकारी द्वारा स्क्रीनिंग कार्य में और अधिक तेजी लाने का निर्देश दिया। आशा चयन की प्रगति, आशा कार्यकर्ताओं के लंबित भुगतान के निमित्त व्यय, ई-संजीवनी सेवाओं की स्थिति की भी समीक्षा की गई।
जिला पदाधिकारी ने आशा कार्यकर्ताओं के लंबित भुगतान एवं जननी बाल सुरक्षा योजना के अंतर्गत लंबित भुगतान को अविलंब निष्पादित करते हुए इसकी प्रतिवेदन रिपोर्ट अगले दिन तक उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
# आशा चयन से संबंधित प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्देश दिया गया कि जल्द से जल्द रिक्त पदों पर ग्रामसभा करा कर नियुक्त कर लिया जाए तथा रिक्ति की सूची उपलब्ध कराई जाए।
टीकाकरण कार्यक्रम की समीक्षा के क्रम में उपलब्धियों का आकलन किया गया तथा एईएफआइ की शत-प्रतिशत रिपोर्टिंग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
दिनांक 28 फरवरी 2026 से प्रारंभ हो रहे एचपीवी टीकाकरण अभियान के संबंध में विस्तृत चर्चा की गई तथा सभी सत्र स्थलों पर एईईएफई किट की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
जिले में फाइलेरिया उन्मूलन हेतु संचालित सर्वजन दवा सेवन (MDA) कार्यक्रम की प्रगति की समीक्षा करते हुए जिला पदाधिकारी ने पूरी टीम के प्रयासों की सराहना की। साथ ही एईएस की संभावित स्थिति को देखते हुए समयबद्ध एवं सुदृढ़ तैयारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
बैठक में सिविल सर्जन डॉ. दीपक कुमार द्वारा प्रस्तुतीकरण पर बिंदुवार संबंधितों को राज्य स्तर से निर्धारित मानक अनुरूप उपलब्धि प्राप्त करने हेतु निदेश दिया गया।
बैठक में एसीएमओ, जिला स्तरीय पदाधिकारी, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।
