एस एस काॅलेज में लोकतांत्रिक चेतना के स॑वर्धन हेतु विकसित भारत यूथ पार्लियामेंट का किया गया आयोजन।

Breaking news News बिहार



जहानाबाद (बिहार) से ब्यूरो चीफ मनोहर सिंह का रिपोर्ट

जहानाबाद -जिले के एस.एस. कॉलेज, में राष्ट्रीय सेवा योजना (एन.एस.एस.) के तत्वावधान में “विकसित भारत यूथ पार्लियामेंट–2026” के अंतर्गत “आपातकाल के 50 वर्ष: भारतीय लोकतंत्र के लिए सीख” विषय पर एक प्रभावपूर्ण भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में जिले के 18 से 25 वर्ष आयु वर्ग के 28 पंजीकृत युवाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता कर लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति अपनी सजगता एवं प्रतिबद्धता का परिचय दिया।
कार्यक्रम काई उद्घाटन एन.एस.एस. के कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. अंशु कुमार मल्लिक ने किया। उद्घाटनीय सम्बोधन में कहा कि यह मंच केवल वक्तृत्व कौशल के प्रदर्शन का अवसर नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक चेतना के सुदृढ़ीकरण का सशक्त माध्यम है। “आपातकाल” भारतीय लोकतंत्र के इतिहास का एक महत्वपूर्ण अध्याय रहा है। ऐसे विषय पर युवाओं का चिंतन लोकतंत्र की जड़ों को और अधिक मजबूत बनाता है।


इस अवसर पर मगध विश्वविद्यालय के एन.एस.एस. समन्वयक प्रो. डॉ. पिंटु कुमार ने राष्ट्र निर्माण में एन.एस.एस. की भूमिका को विशेष रूप से रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना केवल एक शैक्षणिक सहगामी गतिविधि नहीं, बल्कि युवाओं के चरित्र निर्माण, नेतृत्व विकास एवं सामाजिक उत्तरदायित्व के संस्कारों का प्रशिक्षण केंद्र है।

एन.एस.एस. युवाओं को सेवा, अनुशासन, समर्पण और सामाजिक संवेदनशीलता का व्यावहारिक पाठ पढ़ाता है।

प्रो. डॉ. पिंटु कुमार ने अपने वक्तव्य में स्पष्ट किया कि विकसित भारत की संकल्पना तभी साकार होगी, जब युवा शक्ति राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए सजग और सक्रिय रहे।
भाषण प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए अंजलि कुमारी, आदित्य कुमार, प्रहलाद कुमार, सोनम कुमारी एवं नीतू कुमारी ने प्रथम पाँच स्थान प्राप्त किया।सफल प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किया गया।
वहीं महाविद्यालय प्राचार्य ने बताया कि लोकतांत्रिक भारत की सुदृढ़ आधारशिला तभी निर्मित होगी, जब युवा वर्ग जागरूक, विवेकशील एवं राष्ट्रहित के प्रति समर्पित रहेगा।
वहीं मंच संचालन डॉ. प्रीति रानी ने तथा धन्यवाद ज्ञापन डॉ. अंशु कुमार मल्लिक ने किया।