विश्व कैंसर दिवस पर 4 फरवरी से 11फरवरी तक जिले के सभी स्वास्थ्य संस्थानों पर जांच शिविर का किया जा रहा है आयोजन।

Breaking news News बिहार



जहानाबाद (बिहार) से ब्यूरो चीफ मनोहर सिंह का रिपोर्ट।

जहानाबाद -जिला पदाधिकारी के निर्देशानुसार विश्व कैंसर दिवस के अवसर पर जिले के सभी स्वास्थ्य संस्थानों में दिनांक 4 फरवरी से 11 फरवरी 2026 तक निःशुल्क कैंसर जांच-सह-परामर्श शिविर का आयोजन किया जा रहा है। इस अभियान के तहत आमजन को कैंसर की प्रारंभिक पहचान एवं परामर्श की सुविधा निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही है।

इसी कड़ी में आज सदर अस्पताल, जहानाबाद परिसर में जिला गैर-संचारी रोग (NCD) कार्यक्रम के तत्वावधान में स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में स्वास्थ्य विभाग, NCD विभाग तथा होमी भाभा कैंसर अस्पताल एवं रिसर्च सेंटर की संयुक्त टीम द्वारा मरीजों की ओरल (मुंह), ब्रेस्ट (स्तन) एवं सर्वाइकल (बच्चेदानी) कैंसर की जांच की गई।डॉ. चंद्रशेखर आजाद, जिला गैर-संचारी रोग पदाधिकारी ने बताया कि कैंसर अब असाध्य बीमारी नहीं रह गई है, बशर्ते उसकी पहचान समय पर हो जाए। सबसे बड़ी समस्या जागरूकता की कमी है। जहानाबाद में हमारा लक्ष्य है कि कैंसर स्क्रीनिंग की सुविधा हर नागरिक तक पहुंचे। ओरल, ब्रेस्ट और सर्वाइकल कैंसर यदि प्रारंभिक अवस्था में पकड़ में आ जाए, तो लगभग शत-प्रतिशत इलाज संभव है। लोगों को डरने के बजाय लक्षण दिखते ही अस्पताल आना चाहिए।”
उन्होंने बताया कि जिला गैर-संचारी रोग कार्यक्रम के अंतर्गत कैंसर की प्रारंभिक जांच के लिए स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह मुस्तैद है। यह आयोजन केवल एक दिन का नहीं, बल्कि एक निरंतर जन-जागरूकता अभियान है। महिलाओं से विशेष अपील की है कि वे अपने स्वास्थ्य को लेकर सजग रहें, ब्रेस्ट कैंसर के लिए नियमित सेल्फ-एग्जामिनेशन करें तथा ओरल कैंसर से बचाव के लिए तंबाकू का पूर्ण त्याग करें।



विशेषज्ञों ने बताया कि ओरल कैंसर के लगभग 40 प्रतिशत मामलों का प्रमुख कारण तंबाकू सेवन है। वहीं, सर्वाइकल कैंसर को 9 से 14 वर्ष की बालिकाओं में HPV टीकाकरण के माध्यम से पूरी तरह रोका जा सकता है।

शिविर के दौरान लोगों को निम्नलिखित लक्षणों के प्रति सतर्क रहने की सलाह दी गई—

मुंह में लाल या सफेद धब्बे, न भरने वाले घाव एवं निगलने में कठिनाई।

महिलाओं में असामान्य रक्तस्राव, दुर्गंधयुक्त स्राव एवं 30 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं के लिए नियमित स्क्रीनिंग।
उन्होंने अपील की है कि वे इस निःशुल्क कैंसर जांच-सह-परामर्श शिविर का अधिक से अधिक लाभ उठाएं तथा समय पर जांच कराकर कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से स्वयं को और अपने परिवार को सुरक्षित रखें।